नगर परिषद बोर्ड की बैठक गुरुवार को नगर परिषद सभागार में हुई. बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान उर्फ छोटू पासवान ने की. बैठक में पूर्व बोर्ड बैठक की संपुष्टि करते हुए विभिन्न विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी. नप अध्यक्ष ने कहा कि सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नया वाहन खरीदने, वार्ड पार्षदों के लिए कक्ष उपलब्ध कराने, बस स्टैंड एवं गंगा विहार पार्क के डाक की राशि निर्धारण, राजस्व शाखा के कार्यों की समीक्षा एवं राजस्व वसूली में सुधार पर विचार-विमर्श किया गया. इसके अलावा जन्म, मृत्यु, विवाह निबंधन एवं जाति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को सरल बनाने, जनहित से जुड़े कार्यों के समय पर निष्पादन, नई स्ट्रीट लाइट खरीद, गंगा विहार पार्क के सौंदर्यीकरण तथा नगर परिषद कार्यालय एवं सफाई कर्मियों को आवश्यकता अनुसार दैनिक मजदूरी पर रखने को लेकर भी चर्चा हुई. बैठक में मुक्तेश्वर घाट, नमामि गंगे घाट एवं बिजली घाट (श्मशान घाट) के सौंदर्यीकरण, नयी सीढ़ी घाट निर्माण एवं डेकोरेटिव लाइट लगाने, आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट एवं सुलभ इंटरनेशनल के कार्यों की समीक्षा, होल्डिंग टैक्स एवं ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था, नए नगर परिषद भवन के लिए भूमि चयन तथा स्थायी दुकानदारों के बकाया एवं नए दर निर्धारण पर भी विचार किया गया. साथ ही सेवानिवृत्त कर्मियों के अव्यवहित अर्जित अवकाश को अधिकतम 300 दिनों तक लागू करने, पेंशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026, बस स्टैंड की पांच दुकानों, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0, अतिक्रमण एवं चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण समेत अन्य विषयों पर चर्चा की गयी. बैठक के दौरान अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहर के विकास कार्यों में तेजी लायी जा सके. इस मौके पर मुख्य रूप से नगर परिषद उपाध्यक्ष विनीता देवी, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित थे.