कर्मचारियों व पदाधिकारियों पर आये दिन हो रहे हमले के विरोध में प्रदर्शन
सुरक्षा मुहैया कराने व शाम के वक्त पुलिस की गश्ती कराने की मांग
प्रदर्शन के बाद डीसी को सौंपा ज्ञापन
साहिबगंज : पदाधिकारी व कर्मियों के साथ मारपीट के विरोध में साहिबगंज कृषि भवन में संचालित पांच विभागों के 40 पदाधिकारी सामूहिक अवकाश पर रहे. इसमें कृषि कार्यालय, मत्स्य कार्यालय , भूमि संरक्षण विभाग, मिट्टी जांच विभाग, उद्यान, गव्य विकास के पदाधिकारी शामिल थे. मौके पर मत्स्य पदाधिकारी जयंत रंजन ने बताया कि पिछले दिनों मत्स्य पर्यवेक्षक रामानुज कुमार के साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट की थी. उन्होंने कहा कि अगर एक सप्ताह के अंदर दोषी पकड़े नहीं जाते हैं तो अनिश्चितकालीन अवकाश पर चले जायेंगे. निदेशक व डीसी, एसपी, जिप अध्यक्ष को पत्र लिखकर जांच की मांग की है.
पत्र में उल्लेख किया है कि कृषि परिसर में अज्ञात लोगों द्वारा अप्रिय घटना का अंजाम दिया जा रहा है. कुछ दिन पहले कृषि परिसर में अवस्थित चाय दुकान को कुछ अज्ञात उपद्रवियों द्वारा रात्रि में जला दिया गया था. पुन: दिनांक 18-11-2017 को करीब 7 बजे संध्या में तीन अज्ञात लोगों ने रामानुज कुमार मत्स्य प्रसार पर्यवेक्षक को मत्स्य विभाग के परिसर में घुस कर राशि की मांग करते हुए बेरहमी से मारपीट की गयी. इस कारण उनका हाथ टूट गया है. साथ ही सिर भी फट गया है.
उन्हें प्राथमिक उपचार सदर अस्पताल साहिबगंज में कराने के पश्चात उनके अनुरोध पर उनका पैतृक घर बेगूसराय बिहार पहुंचा दिया गया है . कृषि प्रांगण से निर्मित बाजार समिति के भवन के आसपास अक्सर जुआड़ियों एवं असामाजिक तत्वों को जमावाड़ा लगा रहता है. ऐसी परिस्थिति में अप्रिय घटना होने से कृषि विभाग से संबंध सभी कार्यालयों के कर्मी में भय पैदा हो गया है. एवं असुरक्षित महसूस करने लगे हैं. जिससे विकास कार्यों में बाघा उत्पन्न होने लगी है.
इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी उमेश तिर्की, मत्स्य पदाधिकारी जयंत रंजन, अजीत कुमार, मुनेश्वर कुमार, रितेश कुमार मजूमदार, प्रदीप कुमार शर्मा, कल्याणी देवी, प्रेम पासवान, विकास पासवान, टेरेशा मुर्मू, उत्तम कुमार, तरुण झा, सुनील पासवान, कैलाश गुप्ता, रमन सिन्हा, निर्मल तांती , दारोगा सिंह, रमेश मंडल, दिलीप मालाकार, चरण मोहली, नरसिला सोरेन, राजीव कुमार, शंकर पंडित, अमित साह, कमल आनंद, संतोष मोदी सहित कई कर्मी उपस्थित थे. प्रदर्शन के बाद डीसी को ज्ञापन सौंपा.
