मिहिजाम : ट्रेन में यात्रियों का मोबाइल व सामान उड़ाने वाले शातिर चोर को रेल पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया है. रेल पुलिस पीपी ऐनुल अली ने बताया कि गुरुवार रात आरोपित मो अकबर उर्फ कल्लू शेख को साउथ बिहार एक्सप्रेस से चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया था. उसके पास से माइक्रोमेक्स का एंड्रॉयड मोबाइल मिला है. जीआरपी के मुताबिक गुरुवार रात लगभग एक बजे अप साउथ बिहार एक्सप्रेस में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा गश्ती किया जा रहा था.
इसी दौरान एस चार बोगी से ट्रेन में यात्रियों द्वारा शोर मचाने पर जवानों ने कूदकर भाग रहे एक युवक को पकड़ा. युवक महजोड़ी आसनसोल के पूर्वी थाना क्षेत्र का रहने वाला है. आरपीएफ ने पकड़े गए युवक को चित्तरंजन रेल पुलिस के हवाले कर दिया. पूछताक्ष में उसने बताया कि मोबाइल की चोरी दानापुर एक्सप्रेस से की थी.
साउथ बिहार में सफर कर रहे बक्सर जिला निवासी विभास सिंह नामक यात्री ने युवक पर अपनी भाभी का लेडिज बैग चोरी कर शोर मचाने पर बाहर फेंक देने का आरोप लगाया था. यहां से आरोपित से पूछताछ की गयी. रेल पीपी ने बताया कि युवक पर इससे पूर्व भी कई अन्य मामले दर्ज हैं. इस दौरान एएसआई संजय सिंह, अशफाक सहित अन्य मौजूद थे.
