क्राइम. देका के बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे साथ
प्रखंड के मंगलबेडो पहाड़ पर झाड़ी से एक युवक व युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है. युवक फंदे से लटका मिला. जबकि युवती का शव वहीं जमीन पर पड़ा मिला. पुलिस इस मामले को हत्या से जोड़कर जांच में जुट गयी है.
मंडरो : मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के बच्चा पंचायत अंतर्गत मंगलबेडो पहाड़ की झाड़ी से शनिवार को मिर्जाचौकी पुलिस ने मंगलबेडो गांव के 25 वर्षीय रामा पहाड़िया और गोड्डा जिला के बोआरीजोर थाना अंतर्गत बड़ा खैरवा गांव के 22 वर्षीय शांति पहाड़िन के शव को बरामद किया है. रामा पहाड़िया का शव फंदे से पेड़ से लटका पाया गया. जबकि शांति की लाश वहीं जमीन पर पड़ी मिली. संबंध में मृतका का भाई सुकरा पहाड़िया ने बताया कि दो साल पूर्व मेरी बहन शांति पहाड़िन और मंगलबेडो गांव के रहने वाले रामा पहाड़िया के साथ देका का रिवाज हुआ था. तबसे दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे थे.
दो माह पूर्व रामा एवं शांति के बीच आपसी विवाद के कारण मेरी बहन शांति खैरवा गांव स्थित अपने मायके चली आयी थी. इस बीच रामा पहाड़िया बीच-बीच में शांति से मिलने आया करता था. कुछ दिन बाद पिछले शनिवार की सुबह करीब 5 बजे शांति एवं रामा ससुराल में बिना किसी को बताये दोनों मंगलबेडो चले आये. जिसके ठीक पांच दिन बाद गुरुवार को घर से शांति को लेकर बैग लेकर दोनों निकले थे. उसके बाद शनिवार की सुबह चरवाहों ने दोनों के शव को देखा और सूचना गांव वालों को दी. सूचना पाकर सदर डीएसपी ललन प्रसाद, पुलिस निरीक्षक सुनील टोपनो, मिर्जाचौकी थाना के एएसआइ हरेराम सिंह, आरएन उपाध्याय, मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद तिर्की, बोरियो थाना प्रभारी सुशील कुमार घटनास्थल पर पहुंच कर दोनों के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया. इधर मृतक के परिजन व बहन का रो-रो कर बुरा हाल है.
शनिवार को पेड़ से लटकता मिला युवक का शव जबकि पास ही पड़ी थी मृतका की लाश
पुलिस शव को अंत्यपरीक्षण को भेज कर पड़ताल में जुटी
क्या कहते हैं डीएसपी
मामला हत्या का लग रहा है. पोस्टमार्टम के बाद ही पूरा मामला साफ हो पायेगा. प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. अपराधी को बहुत जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा. पुलिस पड़ताल में जुट गयी है.
ललन प्रसाद, डीएसपी, साहिबगंज
