रोष. डीलर पर राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप, भड़के ग्रामीण
छोटा बियासी के लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह के डीलर से बकाये तीन माह का अनाज लेने ग्रामीण पहुंचे थे. जून माह का अनाज देकर अप्रैल व मई माह के रजिस्टर में दर्ज करने पर भड़क गये. डीएसपी व एमओ ने बकाया अनाज का वितरण करा कर मामला शांत कराया.
बोरियो/साहिबगंज : प्रखंड क्षेत्र के छोटा बियासी के लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह के डीलर पर राशन वितरण में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते ग्रामीणों ने समूह की महिला सदस्यों संडो देवी, बिनसरी देवी व जितनी देवी को ग्राम प्रधान के घर पर आदिवासी रीति रिवाज के अनुसार बंधक बना लिया. लाभुकों ने बताया कि लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह के द्वारा क्षेत्र के 139 परिवारों को राशन दिया जाता है.
अप्रैल व मार्च माह के राशन को वितरण नहीं किया गया. जून माह के राशन वितरण के दौरान लाभुकों के कोड में बकाये अप्रैल व मार्च माह का राशन भी दर्ज किया जा रहा था. साथ ही राशन कार्ड का आधार लिंक करने के दौरान उक्त समूह सदस्यों द्वारा अनियमितता बरती गयी. प्रत्येक कार्ड में से वैसे लाभुक का आधार लिंक किया गया जो गांव से बाहर रहते हैं. इस कारण 139 लाभुकों को योजना का सुलभ तरीके से लाभ मुहैया नहीं हो रहा है. मौके पर जिप सदस्य वरण किस्कू, मुखिया लुकस हांसदा, उपमुखिया सुरेंद्र कुमार, अजय कुमार आदि थे.
पुलिस के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह के तीन सदस्यों को बंधक बनाये जाने की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी ललन कुमार, पुलिस निरीक्षक कपिलदेव प्रसाद केशरी, बोरियो थाना प्रभारी सुशील कुमार, बरहेट थाना प्रभारी मनोज कुमार, एमओ एसएन गुप्ता, एएसआइ राजेश टुडू, मनोज सिंह दलबल के साथ छोटा बियासी गांव पहुंचे. बोरियो थाना प्रभारी सुशील कुमार ने घंटों मशक्कत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझा मामला शांत कराया. एमओ की उपस्थिति में बकाये माह का राशन वितरण करने का आश्वासन दिया. बंधक तीनों महिला सदस्यों को मुक्त कराया. उसके बाद एमओ एसएन गुप्ता, एसआइ राजेश टुडू के उपस्थिति में लगभग 40 लाभुकों के बीच बकाया अप्रैल व मई माह का राशन वितरण किया गया.
27 घंटे के बाद मुक्त हुए तीनों सदस्य
रविवार सुबह 10 बजे लाभुकों ने समूह के तीनों महिला सदस्यों को बंधक बनाया था. दूसरे दिन पुलिस प्रशासन के प्रयास पर लगभग 27 घंटे के बाद तीनों सदस्यों को मुक्त कराया गया. लाभुकों ने डीलर संडो देवी पर कार्रवाई की भी मांग की. पूर्व में भी गड़बड़ी का आरोप लग चुका है.
क्या कहते हैं एमओ
फिलहाल बकाये अप्रैल व मई माह के राशन का वितरण किया जा रहा है. लाभुकों की शिकायत पर जांच कर कार्रवाई की जायेगी. साथ ही सभी लाभुकों का राशन कार्ड से आधार लिंक अविलंब कराना सुनिश्चित करें.
एसएन गुप्ता, एमओ
