साहिबगंज : अब रांची से भागलपुर के बीच चलने वाली वनांचल एक्सप्रेस वाया आसनसोल चलेगी. रेलवे बोर्ड ने यह स्वीकृति प्रदान कर दी है. धनबाद, चंद्रपुरा रेल लाइन बंद करने के आदेश के साथ ही रेलवे ने वनांचल एक्सप्रेस रद्द करने की घोषणा की थी. इस फैसले से सूबे की राजधानी और सबसे पिछड़ा क्षेत्र संताल रेल नेटवर्क से कट जाता.
इसको देखते हुए सांसद विजय हांसदा, विधायक अनंत ओझा, जिप उपाध्यक्ष सुनील यादव, झामुमो केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा ने रेल मंत्री व झारखंड सरकार से बात की. वनांचल एक्सप्रेस को रद्द नहीं करने की मांग की. रेल मंत्री के निर्देश पर रेलवे ने वनांचल एक्सप्रेस को आसनसोल होकर चलाने का निर्णय लिया. अब यह ट्रेन आसनसोल से रूट बदलकर जयचंडी पहाड़, भोजूडीह के रास्ते बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पहुंचेगी. डीआरएम मोहित सिन्हा ने बताया कि वापसी में भी यह ट्रेन इसी रूट से चलेगी. बोकारो से रांची अपने निर्धारित रूट पर चलेगी. मालदा रेल मंडल के प्रस्ताव पर बीती शाम को रेलवे बोर्ड ने इसकी सहमति दी है.
