रांची: झारखंड एडवोकेट एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्यों के 9 पदों के लिए हुई मतगणना पूरी हो गई है. चुनाव परिणाम में महिलाओं का दबदबा रहा. 9 निर्वाचित सदस्यों में सात महिलाएं शामिल हैं. कविता कुमारी ने 641 मत प्राप्त कर सबसे अधिक वोट हासिल करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया. वहीं शैल लकड़ा 601 मत के साथ दूसरे और प्राची प्रदीप्ति 580 मत के साथ तीसरे स्थान पर रहीं.
51 उम्मीदवारों के बीच 9 ने दर्ज की जीत
कार्यकारिणी के नौ पदों के लिए कुल 51 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे. मतगणना के बाद कविता कुमारी, शैल लकड़ा, प्राची प्रदीप्ति, कुमार पवन, अखौरी अविनाश कुमार, तृष्णा सागर, औलिया बेगम, श्रेया सिन्हा और कहकशा अफशीन को निर्वाचित घोषित किया गया.
वोटों की बात करें तो कुमार पवन को 545, अखौरी अविनाश कुमार को 488, तृष्णा सागर को 431, औलिया बेगम को 413, श्रेया सिन्हा को 360 और कहकशा अफशीन को 351 मत मिले. कार्यकारिणी के चुनाव परिणाम सामने आने के साथ ही झारखंड एडवोकेट एसोसिएशन की नई टीम की तस्वीर भी स्पष्ट हो गई है.
ये भी पढ़ें- नाबालिग ने दिया मृत नवजात को जन्म, आरोपी महिला गिरफ्तार; आंगन में दफन था शव
शैल लकड़ा की जीत ने रचा इतिहास
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शैल लकड़ा की जीत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं के अनुसार, शैल लकड़ा झारखंड एडवोकेट एसोसिएशन की कार्यकारिणी के लिए निर्वाचित होने वाली पहली जनजातीय महिला वकील हैं. उनकी जीत को अधिवक्ता समुदाय में प्रतिनिधित्व की दृष्टि से अहम माना जा रहा है.
इससे पहले शनिवार को एसोसिएशन के विभिन्न पदों के लिए हुए चुनाव के परिणाम घोषित किए गए थे. पदाधिकारियों के परिणाम के बाद अब कार्यकारिणी सदस्यों के परिणाम भी घोषित हो गए हैं. नवनिर्वाचित सदस्यों से अधिवक्ताओं के हित में एसोसिएशन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है.
