तमाड़ (रांची): तमाड़ प्रखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली का मामला सामने आया है. पड़रानी गांव निवासी उर्मिला देवी (65) की सर्पदंश के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. जहरीले सांप के डंसने के बाद समय पर इलाज नहीं मिल पाने और रिम्स ले जाने के दौरान सरकारी एंबुलेंस खराब हो जाने से परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के करीब चार बजे उर्मिला देवी को जहरीले सांप ने डंस लिया. इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल तमाड़ अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध नहीं होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया. परिजन सरकारी एंबुलेंस से उर्मिला देवी को रिम्स ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में एंबुलेंस खराब हो गई. इसके बाद परिजनों ने किसी तरह निजी वाहन की व्यवस्था की. हालांकि, रिम्स पहुंचने से पहले ही उर्मिला देवी ने दम तोड़ दिया.
ये भी पढ़ें- JSSC भर्ती घोटाला: 2022 में CID के पास थी अरुण की पूरी कुंडली, 4 साल बाद हुई गिरफ्तारी
15 दिन पहले दवा उपलब्ध कराने की मांग की गयी थी
मामले को लेकर आरटीआई कार्यकर्ता अंकित कश्यप ने बताया कि घटना से करीब 15 दिन पहले ही तमाड़ अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध कराने को लेकर आवेदन दिया गया था. इसके बावजूद अस्पताल में दवा उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्पदंश पीड़िता को समय पर उपचार नहीं मिल सका.
अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की मांग
घटना के बाद गुरुवार को भाजपा महामंत्री विवेक गुप्ता ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को आवेदन देकर तमाड़ अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और सरकारी एंबुलेंस की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया.
