प्रणव की रिपोर्ट
रांची: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रांची पुलिस ने जुमार पुल बस स्टैंड के पास से एक महिला को गिरफ्तार किया है इस दौरान पुलिस ने महिला के पास से 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की कीमत करीब 5 लाख रुपए है. दरअसल, मामले में पुलिस को 16 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक महिला भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर रांची आ रही है. सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक सदर के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई.
इसके बाद टीम जुमार पुल बस स्टैंड के पास पहुंचकर महिला का इंतजार करने लगी. दोपहर करीब 3.10 बजे एक महिला ऑटो में अकेली बैठी दिखी. वह महिला पुलिस को अपनी ओर आते देख घबरा गई और ऑटो से उतरकर भागने लगी. इस दौरान टीम में शामिल महिला चौकीदार की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में महिला ने अपना नाम मुन्नी देवी (उम्र 43 वर्ष), पति- बाबला राम, रांची के सदर थाना क्षेत्र, जतराटांड स्थित कोकर बाजार के देवी मंडप के पास का बताया.
ये भी पढ़ें- JPSC Student Protest: सरकार और छात्रों के बीच चौथे दौर की वार्ता शुरू, कांग्रेस ने की भरोसा रखने की अपील
महिला के पर्स में मिला ब्राउन शुगर
मौके पर पुलिस उपाधीक्षक सदर की मौजूदगी में महिला चौकीदार की मदद से मुन्नी देवी की तलाशी ली गई. इस दौरान पुलिस ने उसके काले रंग के पर्स में रखे प्लास्टिक के पाउच से 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया. इसके अलावा आई-टेल कंपनी का काला की-पैड मोबाइल और 20 हजार रुपये नकद जब्त किया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुन्नी देवी ने रांची जिले के अलग-अलग चौक-चौराहों पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है. मामले में सदर (मेसरा) थाना कांड संख्या 384/26, दिनांक 16 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी), 23 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है.
मुन्नी देवी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं दो मामले
पुलिस के मुताबिक, मुन्नी देवी के खिलाफ पहले से भी दो मामले दर्ज हैं. वर्ष 2024 में सदर थाना में कांड संख्या 496/2024 दर्ज हुआ था. इसके बाद वर्ष 2025 में सदर थाना कांड संख्या 632/2025 दर्ज किया गया. इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)(बी) और एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी), 23 और 25 के तहत मामला दर्ज है.
ये भी पढ़ें- झारखंड में क्यों बढ़ रहा इंसान-गजराज संघर्ष? इन 6 जिलों में सबसे ज्यादा मौतें
20 हजार रुपए और मोबाइल जब्त
पुलिस ने महिला के पास से 500 रुपए के छह नोट (3 हजार रुपए), 200 रुपए के 35 नोट (7 हजार रुपए) और 100 रुपए के 100 नोट (10 हजार रुपए) बरामद की है. यानी कुल 20 हजार रुपए नकद और आई-टेल कंपनी का काला की-पैड मोबाइल जब्त किया है. इस कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल रॉय, पुलिस उपाधीक्षक सदर संजीव कुमार बेसरा, सदर थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी कुलदीप कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी समेत सदर, कोतवाली, मेसरा और सुखदेवनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे. महिला चौकीदार कृति मुंडा ने भी महिला को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई.
