WEF: दावोस में हुआ JHARKHAND PAVILION का उद्घाटन, सीएम हेमंत का 2050 तक समृद्ध झारखंड का संकल्प

WEF: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के मंच से 2050 तक समृद्ध झारखंड का संकल्प लिया. मंगलवार को दावोस में झारखंड पवेलियन का उद्घाटन हुआ.

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में CM हेमंत सोरेन ने अपनी बात रखी.

WEF: मंगलवार को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में इंडिया पवेलियन (INDIA PAVILION) के साथ-साथ झारखंड पवेलियन (JHARKHAND PAVILION) का उद्घाटन हुआ. पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी वहां मौजूद थे. उन्होंने दावोस में 2050 तक समृद्ध झारखंड बनाने का संकल्प दुहराया और देश के विकास में कदम से कदम मिलाकर चलने की बात कही. झारखंड को पहली बार वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में शामिल किया गया है. पवेलियन के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि युवा झारखंड को गति देने के लिए दावोस में यह वैश्विक मंच अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा, यही विश्वास है.

पहली बार वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में शामिल हुआ झारखंड

CM हेमंत सोरेन ने कुछ तस्वीरों के साथ एक्स पर लिखा, ‘आज वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में इंडिया पवेलियन के उद्घाटन समारोह में केंद्र सरकार और देश के अन्य राज्यों के माननीयों के साथ शामिल होने का सौभाग्य मिला. वैश्विक मंच में आयोजित हो रहे कार्यक्रम में झारखंड पहली बार शामिल हुआ है, यह हम सभी के लिए गौरव की बात है. मैं झारखंड राज्य से आता हूं, जो प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण राज्य है. ग्रीन एनर्जी के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में हम मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं.’

हेमंत ने आगे लिखा, ‘2047 तक विकसित भारत और 2050 तक समृद्ध झारखंड का हमने संकल्प लिया है. मुझे पूरा विश्वास है कि दावोस में विभिन्न देशों और कंपनियों के प्रमुखों से निवेश को लेकर हो रही सार्थक चर्चाओं से आने वाले समय में हमें अपने संकल्प को गति देने का नया बल मिलेगा. आप सभी को आज इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हार्दिक आभार और झारखंड से जोहार.’ झारखंड सरकार का प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनाॉमिक फोरम-2026 में भाग लेने के लिए दावोस की यात्रा पर है.

झारखंड चैंबर ने हेमंत को दी बधाई

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कहा दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के वैश्विक मंच पर माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड की वैश्विक ब्रांडिंग को नई मजबूती मिल रही है. वैश्विक मंच पर उद्योग एवं अंतरराष्ट्रीय संगठन के प्रतिनिधियों से संवाद, निवेश, आर्थिक विकास के नए अवसरों पर हुई चर्चा उत्साहित करने वाली है. मुख्यमंत्री को बधाई.

आज होगी अहम मीटिंग

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दूसरे दिन मंगलवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष रमेशकुमार संघवी एवं अन्य दावोस में कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के तत्वाधान में आयोजित राउंड टेबल बैठक के दौरान सीनियर नीति निर्माताओं, विभिन्न कंपनी के सीईओ और निवेशकों के साथ बातचीत करेंगे. बैठक में इस बात पर विचार-विमर्श होगा कि सतत विकास की कार्ययोजना कैसी होनी चाहिए और इसके लिए क्या आवश्यक है. इस बैठक के केंद्र में ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, मैनुफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी और मानव संसाधन के तरीके, नीतिगत सामंजस्य और प्रबंधक की भूमिका पर चर्चा होगी.

ये भी पढ़ें…

टाटा मोटर्स का बड़ा धमाका! एक साथ 17 नए मॉडल के ट्रक किए गए लॉन्च, 10 ट्रकों का जमशेदपुर में हुआ निर्माण

झारखंड के टैक्स डिपार्टमेंट का बड़ा खुलासा, शेल कंपनियों के परमिट पर बिका 330 करोड़ का कोयला, लोहा और सीमेंट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >