आनंद मोहन की रिपोर्ट
रांची: कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अभिलाष साहू और कांग्रेस को-ऑर्डिनेटर अमरेंद्र सिंह एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में घिर गए हैं. राजधानी के इरबा के पास हुई एक दुर्घटना के दौरान का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. आरोप है कि वीडियो में एक समुदाय विशेष पर अमर्यादित टिप्पणी की गई है और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की गई है.
विवाद के बीच अभिलाष साहू ने वीडियो जारी कर खुद को मामले से अलग बताते हुए कहा कि वायरल वीडियो में सुनाई दे रही आवाज उनकी नहीं है और यह वीडियो उनके आधिकारिक फेसबुक हैंडल से भी लाइव नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उनका कहना है कि उन्होंने किसी धर्म, समुदाय या जाति की भावनाओं को आहत नहीं किया है. यदि किसी की भावना आहत हुई है तो वह इसके लिए क्षमा मांगते हैं.
मामले में प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने बुलाई बैठक
अभिलाष साहू ने कहा कि वह कांग्रेस की विचारधारा और सभी धर्मों का सम्मान करते हैं. किसी भी समुदाय या समाज का अपमान करना उनके संस्कार में नहीं है. उन्होंने लोगों से सद्भाव बनाए रखने और सार्वजनिक जीवन में कटुता नहीं बढ़ाने की अपील की. इधर, वायरल वीडियो का मामला प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति तक पहुंच गया है. समिति के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने बैठक बुलाई है, जिसमें पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा. विवाद में घिरे दोनों नेताओं ने अपना जवाब पहले ही अनुशासन समिति को सौंप दिया है.
राजनीतिक रंग दिया जा रहा: अमरेंद्र सिंह
कांग्रेस नेता अमरेंद्र सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है. उन्होंने कहा कि अभिलाष साहू ने जो भी कहा, उसे अलग रख दीजिए, लेकिन वीडियो में कहीं भी किसी जाति या समुदाय का जिक्र नहीं है. उनके अनुसार, वीडियो में कहा गया कि "ई लोग को योगी ही ठीक करता है", जो जाम में फंसे ट्रक चालकों के संदर्भ में कहा गया था. उन्होंने दावा किया कि वीडियो को एडिट कर उसका अलग अर्थ निकालने की कोशिश की गई है.
