रांची से राजकुमार लाल की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड समेत पूरे देश में वट सावित्री पूजा शनिवार को पूरे धूमधाम से मनाया जाएगा. राजधानी रांची में इस पूजा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. शनिवार को रात 1.37 बजे बजे तक अमावस्या है. शनिवार को अमावस्या मिलने के कारण इस दिन शनि जयंती भी मनाई जाएगी. इस दिन स्नान दान और श्राद्ध की भी अमावस्या है.
पति के दीर्घायु होने की कामना करती हैं महिलाएं
शनिवार को वट सावित्री व्रत के दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए व्रत रखती हैं और वट वृक्ष की पूजा अर्चना कर कथा सूनती है. इसके बाद वटवृक्ष की परिक्रमा कर उसमें सूत लपेटती है. वहीं पूजा-अर्चना के बाद अपने से बड़ों और पतिदेव का आशीर्वाद लेने के बाद प्रसाद ग्रहण करती है.
सुबह से ही तैयार
इससे पहले महिलाएं सुबह से ही इसकी तैयारी में लग जाती हैं. प्रात:काल स्नान ध्यान कर विभिन्न मंदिर स्थित वट वृक्ष के नीचे जाकर पूजा-अर्चना करेंगी. पूजा-अर्चना के बाद वे सुहाग सामाग्री, पंखा सहित अन्य कुछ का दान करेंगी. उधर, पूजा-अर्चना के लिए शुक्रवार को प्रसाद भी तैयार करेंगी, क्योंकि शनिवार को सुबह से ही पूजा-अर्चना शुरू होने के कारण परेशानी ना हो. इसे देखते हुए एक दिन पूर्व इसे तैयार कर लेती है .
नवविवाहितों के ससुराल में विशेष तैयारी
उधर, नवविवाहितों के घरों में विशेष तैयारी की जा रही है. पूजा में शामिल होने के लिए अपने परिचितों व अगल-बगल के लोगों के यहां निमंत्रण भी भिजवाया जा रहा है. पर्व को लेकर गीत-नाद भी शुरू हो गया है. नवविवाहिता के मायके से ससुराल में पूजन सामाग्री, मिठाई सहित अन्य कुछ सामान भी भिजवाया गया है. पूजा के दिन मिठाई, पंखा सहित अन्य कुछ का वितरण भी किया जाएगा .
शनि मंदिर में भगवान की विशेष पूजा-अर्चना
राजधानी के विभिन्न शनि मंदिर में शनि अमावस्या होने के कारण भगवान की विशेष पूजा अर्चना की जाएगी. कई मंदिरों में इस दिन भंडारा भी होगा.
इसे भी पढ़ें: मेदिनीनगर में पाइपलाइन से पहुंचेगी रसोई गैस, सिलेंडर से मिलेगी राहत
बाजारों में पूजन सामाग्री की बिक्री शुरू
पर्व को लेकर बाजारों में पूजन सामाग्री की बिक्री शुरू हो गई है. बाजार में पूजन सामाग्री के अलावा सुहाग की सामाग्री व बांस का पंखा सहित अन्य सामाग्री की बिक्री हो रही है. पंखा 20 रुपये से लेकर 50 रुपये तक और सौंदर्य सामाग्री 50 से लेकर 100 रुपये तक की दर से बिक रही है. कई लोग इससे भी ऊपर की सामाग्री की खरीदारी कर रहे हैं. व्रत को लेकर बाजार में फलों की भी बिक्री शुरू हो गई है. बाजार में आम, पीला केला, लीची, तरबूज सहित अन्य सामाग्री की बिक्री हो रही है.
इसे भी पढ़ें: चिलचिलाती धूप में दहकते अंगारों पर चले शिवभक्त, वैशाख संक्रांति पर दिखाई हठभक्ति
