रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
रांची. लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित सदर अस्पताल परिसर में मोबाइल चोरी करते दो आरोपियों को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. घटना अस्पताल की चौथी मंजिल की है. मोबाइल बचाने के दौरान मरीज के परिजन हापता बेड़ा, अनगड़ा निवासी समल बेदिया चोरों से भिड़ गये और दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया.
शोर सुनकर जुटी भीड़, आरोपियों की हुई धुनाई
दोनों आरोपियों के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजनों की भीड़ जुट गयी. आक्रोशित लोगों ने दोनों की धुनाई शुरू कर दी. स्थिति बिगड़ती देख कुदारखो, बेड़ो निवासी विवेक पाठक समेत अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया. इसके बाद लोअर बाजार थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गयी.
तलाशी में मिले दो मोबाइल
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और दोनों आरोपियों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने अस्पताल परिसर से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की. तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किये गये.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपियों की पहचान गुदड़ी चौक, कुरैशी मुहल्ला निवासी शहवाज कुरैशी और इस्लाम नगर, पत्थलकुदवा निवासी मो. दिलशाद उर्फ ठिल्लू के रूप में हुई है.
