आंबेडकर विस्थापित प्रभावित मोर्चा की बैठक में समस्याओं पर चर्चा
प्रतिनिधि, खलारीतुमांग पंचायत के खिलानधौड़ा में डॉ आंबेडकर विस्थापित प्रभावित मोर्चा की बैठक हुई. अध्यक्षता तुमांग मुखिया संतोष कुमार महली ने की. बैठक में तुमांग पंचायत के खिलानधौड़ा के सहित अन्य ग्राम-टोला की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गयी. कहा गया कि रोहिणी परियोजना विस्तारीकरण में धमधमिया-खिलानधौड़ा मुख्यपथ खदान में समा जायेगा. इस सड़क के विकल्प के लिए एक बेहतर व्यवस्था की मांग सीसीएल प्रबंधन से की गयी. खदान में होने वाली ब्लास्टिंग से आसपास के घरों को हो रहे नुकसान पर विचार विमर्श किया गया. प्रबंधन से मांग की गयी कि रोहिणी परियोजना विस्तारीकरण के क्रम में खदान में की जा रही ब्लास्टिंग की तीव्रता कम करें. हैवी ब्लास्टिंग से आसपास के घरों की दीवार पर दरार आ रही है. साथ ही कहा गया कि रोहिणी परियोजना विस्तारीकरण में जल्द से जल्द घरों का मुआवजा दिया जाय और पुनर्वास किया जाये. अंत में कहा गया कि करकट्टा खिलानधौड़ा के समीप केडीएच परियोजना का खदान खोलकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसके कारण खदान में आग लगी हुई है.
यह आग खिलानधौड़ा की ओर बढ़ती जा रही है. बंद खदान में लगी आग से ग्रामीणों की परेशानी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है. मुखिया ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सीसीएल प्रबंधन को करनी होगी, अन्यथा जरूरत पड़ी तो प्रबंधन के खिलाफ खदान ठप कराने का काम भी किया जा सकता है. मुखिया ने बताया कि मोर्चा की बैठक 26 फरवरी की सुबह 10 बजे से करकट्टा मैनेजर बंगला बस्ती में की जायेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
