प्रतिनिधि, मांडर.
थाना क्षेत्र में मिशन नवाटांड़ के तीन बच्चों की मंगलवार को नहाने के क्रम में डूबने से मौत हो गयी. मृतकों में दो सगे भाई-बहन अफान अंसारी (आठ) व आफिया परवीन (10) सहित एक अन्य बच्ची मारिया परवीन (12) शामिल हैं. हादसा मंगलवार को पूर्वाह्न करीब 10 बजे की है. बताया जा रहा है कि मिशन नवाटांड़ से चार बच्चे अफान अंसारी व आफिया परवीन पिता मंजूर अंसारी तथा मारिया परवीन व ओसामा अंसारी पिता इरफान अंसारी गांव से थोड़ी दूर पर स्थित परयागो ढ़ोड़हा में जेसीबी से सिंचाई के लिए खोदे गये पानी भरे गड्ढे में नहाने गये थे. लगातार बारिश के चलते गड्ढा लबालब भरा हुआ था. नहाने के क्रम में ही अफान, आफिया व मारिया परवीन गहरे पानी में चले गये और डूब गये. उन्हें पानी में डूबता देख ओसामा भागकर गांव आया और इसकी सूचना अपने परिवार के लोगों को दी. इसके बाद लोग वहां गये और तीनों बच्चों को पानी भरे गड्ढे से बाहर निकाला. तब तक अफान व आफिया की मौत हो चुकी थी. जबकि मारिया परवीन की सांसें चल रही थी. उसे मांडर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. गांव में एक साथ तीन बच्चों की मौत से मातम पसर गया है. तीनों बच्चों को गांव के ही कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक कर दिया गया. तीनों ओडिशा के राउरकेला स्थित मदरसा में पढ़ाई कर रहे थे. वे बकरीद की छुट्टी में घर आये थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
