रांची : जिला प्रशासन द्वारा दुकानें खोलने का आदेश का इंतजार कर रहे शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने पूरी तैयारी कर ली है. उन्होंने दुकानें खोलने की योजना बनायी है. उनका कहना है कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का हर हाल में पालन किया जायेगा. झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ, रांची सेनेटरीवेयर मर्चेंट एसोसिएशन, झारखंड इलेक्ट्रिक ट्रेडर्स एसोसिएशन, जेटा सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने योजना बनायी है. जेटा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि दुकानों के सामने घेरा बना कर सामानों की बिकी की जायेगी. प्रयास होगा कि फोन कॉल या वाट्सएप से ऑर्डर लिया जाये.
जो यह माध्यम का प्रयोग नहीं कर सकेंगे, उनसे पुर्जा लेकर दूरी बना कर रखने को कहा जायेगा. बिना मास्क या मुंह को कपड़ा ढंक कर नहीं आनेवाले को सामान नहीं देंगे. दुकानों में 50% से कम कर्मचारी से लिया जायेगा काम झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ के अध्यक्ष अनिल जालान व मानद सचिव विक्रम खेतावत ने कहा कि दुकानों में 50% से भी कम कर्मचारी से रोटेशनवाइज काम कराया जायेगा. दुकानों में किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. दुकानों के बाहर ही माल दिखाया जायेगा. रासमा के अध्यक्ष ललित केडिया ने कहा कि सामानों की बिक्री के दौरान कर्मचारी मास्क और ग्लव्स पहन कर रहेंगे. लोगों से भी आग्रह किया जायेगा कि वे मास्क पहन कर आयें. ग्लव्स पहन कर आयें, तो काफी बेहतर होगा. यह दोनों के लिए सुरक्षित होगा.
