रांची. चैत्र शुक्ल नवमी का पावन दिन… और उस पर रामजन्म का उल्लास. राजधानी रांची की फिजा में रामभक्ति ऐसे घुली कि हर सड़क, हर चौक और हर मोहल्ला अयोध्या सा प्रतीत होने लगा. रविवार को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को भगवामय कर दिया. रामनाम का जयघोष, अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन और भक्तों की उमंग ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. सिर पर भगवा साफा, हाथ में झंडा और मन में राम. हर भक्त श्रीराम के जन्मोत्सव में पूरी श्रद्धा से शामिल हुआ. मुख्य शोभायात्रा श्री महावीर मंडल रांची के नेतृत्व में निकाली गयी, जो कांके रोड धावन नगर, बड़गाईं, गाड़ी होटवार, लोवाडीह, पुंदाग, पंडरा और बजरा से निकली. जगह-जगह पर विभिन्न अखाड़ों के झंडों का मिलन भी हुआ.
बच्चे, महिलाओं और अखाड़ों का समागम
श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न बने नन्हे-मुन्नों ने जुलूस में जान डाल दी. तीर-धनुष और गदा लिये ये बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे. महिलाओं ने भी पीछे नहीं हटते हुए सिर पर भगवा साफा और हाथों में तलवार लेकर अद्भुत शौर्य का परिचय दिया. हर अखाड़े की टोली अपने-अपने पारंपरिक करतब और झंडों के साथ शोभायात्रा में शामिल होती रही. सड़कों पर बजते नगाड़ों और जयकारों के साथ वातावरण गूंज उठा. शाम चार बजे से अलबर्ट एक्का चौक पर मुख्य शोभायात्रा का आगमन शुरू हुआ. सबसे पहले श्री महावीर मंडल रांची महानगर की शोभायात्रा पहुंची. इसके पीछे-पीछे चडरी सरना समिति, मनोकामना मंदिर की शोभायात्रा थी. इसमें आये रामभक्त बजरंगबली के झंडे को लेकर पहुंचे थे. इसके बाद कांके रोड, पिस्का मोड़, रातू रोड, अपर बाजार, कोकर आदि जगहों की शोभायात्रा पहुंचती रही. शोभायात्रा का पहुंचने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा. सभी शोभायात्राएं मेन रोड होते हुए तपोवन मंदिर तक गयीं, जहां पूजा के बाद सभी अपने-अपने अखाड़े में लौट गयीं.तपोवन मंदिर परिसर बना भक्ति का मेला
तपोवन मंदिर के पास माहौल किसी मेले से कम नहीं था. बच्चों के लिए झूले, खाने-पीने के स्टॉल और जगह-जगह सेवा शिविर पूरे आयोजन को एक सांस्कृतिक उत्सव का स्वरूप दे रहे थे. भक्तों के बीच चना, गुड़, शरबत और शीतल पेयों का वितरण किया गया.शांति और समर्पण से सजी शोभायात्रा
श्री महावीर मंडल के अध्यक्ष जयसिंह यादव ने बताया कि इस बार रामनवमी पर भक्तों की संख्या लाखों में थी और सबने मिलकर इसे शांतिपूर्ण और भव्य बना दिया. प्रशासन, पुलिस और स्वयंसेवकों का योगदान सराहनीय रहा. उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, मंत्री सुभाष साहू, सहमंत्री उदय रविदास, प्रचार मंत्री सुनील वर्मा, कोषाध्यक्ष प्रमोद सारस्वत और अन्य सदस्यों ने मिलकर शोभायात्रा की व्यवस्था को सुंदर और सुव्यवस्थित रूप दिया.…………..
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
