रांची.
जीइएल चर्च के महिला पादरियों के अभिषेक की 25 वर्षीय जुबली समारोह 22 से 24 अक्तूबर तक मनाया जायेगा. 22 अक्तूबर की शाम चार बजे से मॉडरेटर बंगला के पास से प्रोसेशन शुरू होगा जो कार्यक्रम स्थल गोस्सनर मीडिल स्कूल व क्राइस्ट चर्च तक जायेगी. जीइएल चर्च के मॉडरेटर बिशप मार्शल केरकेट्टा जुबली समारोह का औपचारिक रूप से उदघाटन करेंगे. कलीसिया महिला संघ की सभापति शमा रानी कंडुलना, सचिव रेव्ह शशिरीता कंडुलना, रेव्ह आशीषन बागे, रेव्ह पुष्पा टूटी और कुसुम आईंद ने बताया कि पहले दिन स्मारिका का विमोचन होगा. गीत-भजनों की प्रस्तुति होगी. 23 अक्तूबर को महिला पादरियों के द्वारा प्रभुभोज आराधना का आयोजन होगा. महिला पुरोहितों की सेवकाई यात्रा के बारे में जानकारी दी जायेगी. कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली की नेशनल काउंसिल ऑफ चर्चेस इन इंडिया की महिला सचिव ज्योति सिंह पिल्लई अपना संदेश देंगी. इसके बाद महिला पादरियों के उपर बनी डॉक्यूमेंटरी का प्रदर्शन होगा. नाट्य प्रस्तुति भी होगी. जुबली के अवसर पर स्मारक पत्थर का भी अनावरण होगा.
वर्ष 2000 में पहली बार हुआ था तीन महिला पादरियों का अभिषेक
25 वर्ष पूर्व सन 2000 में तीन महिला पादरियों का अभिषेक हुआ था. इनमें रेव्ह मेरियन मिंज, रेव्ह इजाबेला बारला, और रेव्ह अशीषन कंडुलना शामिल हैं. इनमें रेव्ह मेरियन मिंज का निधन हो चुका है जबकि रेव्ह इजाबेला बारला सेवानिवृत हो चुकी है. पहली तीन महिला पादरियों में सिर्फ रेव्ह अशीषन कंडुलना ही सक्रिय सेवकाई में है. फिलहाल चर्च में महिला पादरियों की संख्या 52 हो चुकी है जो चर्च में अलग अलग दायित्व निभा रही हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
