रांची समेत सभी जिलों का पारा 40 पार, ऑरेंज अलर्ट जारी

झारखंड भीषण गर्मी की चपेट में है. मंगलवार को राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री सेसि पार कर गया.

झारखंड भीषण गर्मी की चपेट में है. मंगलवार को राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री सेसि पार कर गया. यह सामान्य से करीब 3.5 डिग्री सेसि अधिक है. न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेसि रहा. यह सामान्य से करीब पांच डिग्री सेसि अधिक है. राज्य में सबसे अधिक 47 डिग्री सेसि तापमान बहरागोड़ा का रहा. मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान में कहा है कि तापमान और बढ़ सकता है. इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है.

तीन मई से मिल सकती है कुछ राहत :

तीन मई से राज्य में एक साइक्लोनिक सरकुलेशन का असर दिख सकता है. इस कारण बादल छाये रह सकते हैं. पांच और छह मई को संताल परगना और कोयलांचल वाले हिस्से में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. इससे राज्य के कुछ जिलों में तापमान थोड़ा राहत मिल सकता है. राजधानी में भी छह मई तक आकाश में हल्के बादल छाये रह सकते हैं. इससे अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेसि तक गिर सकता है. मौसम केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों तक गंभीर हीट वेव की स्थिति बन रही है.

इन इलाकों में हीट वेव की चेतावनी :

एक मई : रांची, खूंटी, गढ़वा, चतरा, पलामू, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, प सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज.

दो मई : सरायकेला-खरसांवा, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम

दुमका में लू लगने से एक युवक की मौत, एक गंभीर :

दुमका नगर. दुमका बस स्टैंड के समीप स्थित कंट्रोल रूम के पास लू लगने से एक युवक की मौत हो गयी. वहीं दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है. लू की चपेट में आने से मंगलवार को दो युवक बेहोश हो कर सड़क किनारे गिर गये. कुछ लोगों ने इसकी सूचना नगर थाना को दी. पुलिस की सहायता से दोनों युवक को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया. वहीं दूसरे युवक का इलाज पीजेएमसीएच में चल रहा है. मृत युवक शिव कुमार मंडल (32) शहर के जरूवाडीह मोहल्ले का रहनेवाला था. वहीं दूसरे युवक की पहचान अब तक नहीं हो पायी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >