रांची. रामनवमी पर श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम दिखा. सुबह पांच बजे से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लग गया था. प्रभु श्रीराम के दर्शन को आतुर जनसमूह में विशेष उत्साह देखने को मिला.
नवगृह मंदिर में पहली बार रामलला के दरबार में पूजा
इस बार विशेष बात यह रही कि पुराने मंदिर की बजाय नवनिर्मित मंदिर में पूजा-अर्चना की गयी, जिससे मंदिर परिसर में पहले से अधिक भीड़ रही. मंदिर का पट खुलते ही श्रद्धालु महिला और पुरुषों को बारी-बारी प्रवेश दिया गया.हनुमान मंदिर में लगी लंबी कतारें
तपोवन परिसर में स्थित हनुमान मंदिर में भी भक्तों की लंबी कतारें लगी थीं. जय बजरंग बली के जयकारों के साथ वातावरण गूंजता रहा. दोपहर 12 बजे महंत ओमप्रकाश शरण ने प्रभु श्रीराम की विशेष पूजा-अर्चना की. आरती उतारी और भगवान को पंजीरी व अन्य प्रसाद अर्पित किया. इसके बाद प्रसाद का वितरण हुआ और दोपहर 12:20 बजे से एक बार फिर दर्शन का क्रम प्रारंभ हुआ, जो दिनभर चलता रहा.शाम चार बजे के बाद से झंडों का आवागमन शुरू
तपोवन मंदिर परिसर में शाम चार बजे के बाद से झंडों का आवागमन शुरू हो गया था. शाम सात बजते-बजते पूरा तपोवन मंदिर परिसर झंडों से अट गया. इस दृश्य को देखने के लिए भक्तों की भीड़ लग री. काफी भक्त ओवरब्रिज के ऊपर से तपोवन मंदिर का नजारा देखते रहे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
