पिपरवार: टंडवा थाना क्षेत्र के चौड़ा गांव में सीओ गौरव कुमार द्वारा रैयती जमीन पर स्टॉक 170 ट्रैक्टर बालू जब्ती की कार्रवाई के संबंध में 13 टाना भगतों ने संयुक्त रूप से सफाई दी है. टंडवा बीडीओ को लिखे पत्र में बताया गया है कि उन्हें अबुआ आवास व प्रधानमंत्री आवास के लिए राशि निर्गत की गयी है.
बताया गया है कि मॉनसून में नदी का जलस्तर अधिक होता है, जिससे हमलोगों ने घर बनाने के लिए पहले ही बालू स्टॉक कर लिया था. अभी वे कृषि कार्य में व्यस्त हैं. लेकिन गत 20 जुलाई को टंडवा सीओ ने पिपरवार पुलिस की सहायता से छापामार कर बालू जब्त कर लिया. अब सीओ अधीनस्थ अधिकारियों पर रैयतों पर मामला दर्ज करने के लिए दबाव बनाने रहे हैं. पत्र में बताया गया है कि उन्हें कानून की जानकारी नहीं है.
टाना भगतों की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है. इससे हमारे मान-सम्मान को ठेंस पहुंची है. टाना भगतों ने बीडीओ से वास्तविक स्थिति को समझते हुए सीओ द्वारा की जा रही अनुचित कार्रवाई को स्थगित करने की मांग की है.
पत्र में विफा टाना भगत, गुलाब टाना भगत, सुरेंद्र टाना भगत, बीरबल टाना भगत, शांति टाना भगत, पार्वती टाना भगत, रमिया भगत, शांति देवी, देवा टाना भगत, बाबूलाल टाना भगत, बोले टाना भगत व रामजीत टाना भगत का नाम शामिल है.
जानकारी के अनुसार उक्त मामले में टाना भगतों का एक दल चतरा समाहारणालय पहुंच कर प्रशासानिक कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन भी किया और चतरा उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा.
