रांची.
गोड्डा के जेएलकेएम नेता सूर्या हांसदा के एनकाउंटर को भाजपा की जांच कमेटी भी संदेहास्पद मान रही है. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने गोड्डा के ललमटिया का दौरा किया और सूर्या हांसदा के परिजनों, प्रबुद्ध लोगों और आम लोगों से जानकारी हासिल की. जांच कमेटी का मानना है कि एनकाउंटर फर्जी है. पार्टी इसका तार अवैध खनन से जोड़ रही है. बुधवार को भाजपा जांच कमेटी की बैठक पार्टी कार्यालय में हुई. कमेटी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को रिपोर्ट सौंपेगी. जांच कमेटी में अमर कुमार बाउरी, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, प्रवक्ता अमित मंडल और अनिता सोरेन शामिल हैं. इधर, पत्रकारों से बात करते हुए अर्जुन मुंडा ने बताया कि जांच कमेटी ने सूर्या हांसदा के परिजनों, वहां के प्रबुद्ध जनों व स्थानीय लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली. सभी ने स्पष्ट तौर पर आशंका जाहिर की है कि सूर्या हांसदा का एनकाउंटर फर्जी है. एक साजिश के तहत हत्या की गयी है. उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा अवैध खनन तथा भ्रष्टाचार का हमेशा विरोध करते थे. उनका परिवार मांझी परिवार है. श्री मुंडा ने कहा कि लोगों ने बताया कि सूर्या हांसदा अपने आंदोलनों के कारण खनन माफियाओं की आंखों की किरकिरी बने हुए थे. उनके रास्ते में रोड़ा बनकर खड़े थे. इसलिए उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची गयी. श्री मुंडा ने कहा कि जिस मुकदमे में उनका एनकाउंटर दिखाया जा रहा, उसमें वे नामजद भी नहीं थे. भाजपा सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
