क्रांति दीप महतो की रिपोर्ट
Stray dogs will be controlled: शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रांची नगर निगम अब वैज्ञानिक और व्यवस्थित व्यवस्था तैयार करने जा रहा है. इसके तहत बड़गाई में 20.2 डिसमिल भूमि पर पशु आश्रय सह जन्म नियंत्रण केंद्र का निर्माण किया जाएगा.
नगर आयुक्त ने किया स्थल निरीक्षण
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ केंद्र के लिए चिन्हित जमीन का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. केंद्र के निर्माण और संचालन के लिए नगर विकास और आवास विभाग की ओर से रांची नगर निगम को 2.1 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए गए हैं.
ये भी पढ़ें- Mahi Restaurant के संचालक से एक करोड़ की रंगदारी की मांग, 7 दिन में रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी
नसबंदी और टीकाकरण की होगी व्यवस्था
केंद्र के शुरू होने के बाद आवारा कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी और टीकाकरण किया जाएगा. साथ ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी. इससे आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के साथ ही शहर में कुत्तों के हमले और उनसे जुड़ी अन्य समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी.
डॉग शेल्टर होम भी होगा विकसित
नगर आयुक्त ने कुल एक एकड़ 90 डिसमिल जमीन के शेष हिस्से में डॉग शेल्टर होम विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है. इसके लिए अधिकारियों को विस्तृत डिजाइन तैयार करने को कहा गया है. शेल्टर होम विकसित होने के बाद आवारा कुत्तों के संरक्षण और देखभाल के लिए भी बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी.
ये भी पढ़ें- दीपावली से पहले हवाई सफर हुआ महंगा, रांची आने वाली फ्लाइट्स का किराया दोगुना
