लॉन बॉल का 40 बेड का रेसिडेंशियल सेंटर बनाने की तैयारी
परिसर में शूटिंग रेंज भी होगा
खेल संवाददाता, रांचीराज्य के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है. अब वह कई खेलों की ट्रेनिंग एक ही खेल परिसर में ले सकेंगे. इन खेलों में लॉन बॉल, राइफल शूटिंग, तीरंदाजी के अलावा ई-स्पोर्ट्स, बिलियर्ड्स, टेबल टेनिस शामिल हैं. नामकुम स्थित आरके आनंद लॉन बॉल स्टेडियम में जल्द ही लॉन बॉल का रेसिडेंशियल सेंटर शुरू करने की तैयारी चल रही है. यह 40 बेड का सेंटर होगा. सेंटर शुरू होने से पहले ही यहां छह लड़के और पांच लड़कियों ने दाखिला ले लिया है. इसी परिसर में शूटिंग रेंज भी तैयार हो रहा है. पहले फेज में यहां 10 मीटर का पिस्टल और राइफल रेंज शुरू किया जायेगा. इसकी तैयारी लगभग अंतिम चरणों में है. दिसंबर तक यहां शूटिंग रेंज का दूसरा फेज शुरू होगा, जो 25 मीटर का होगा.साल के अंत तक तीरंदाजी सेंटर खुलेगा
यहां इस साल के आखिर तक तीरंदाजी का सेंटर भी खोले जाने की योजना है. फिलहाल राज्य में खेलगांव रांची, सिल्ली, जोन्हा, जमशेदपुर और सरायकेला खरसावां में तीरंदाजी के सेंटर हैं.ई-स्पोर्ट्स, डार्ट गेम का लुत्फ ले सकेंगे
ई-स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए इस स्टेडियम में ई-स्पोर्ट्स सेंटर खुलेगा. इसके अलावा यहां डार्ट गेम, बिलियर्ड्स, कैरम, चेस और टेबल टेनिस की सुविधा भी होगी.
नि:शुल्क इंग्लिश स्पीकिंग व कंप्यूटर कोर्स
लॉन बॉल रेसिडेंशियल सेंटर में रह कर ट्रेनिंग लेनेवाले खिलाड़ियों को नि:शुल्क इंग्लिश स्पीकिंग और कंप्यूटर कोर्स की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी. इसके अलावा यहां भविष्य में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोलने की भी योजना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
