मांडर: मांडर-टांगरबसली रोड में बुढ़ाखुखरा के समीप शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे स्कूटी और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में सात युवक घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों की पहचान सेवाडीह निवासी अमित तिग्गा (20), राजेश तिग्गा (19) तथा बांसजाड़ी निवासी विनय उरांव (24), सुमित तिग्गा (18), दुर्गा तिग्गा (24), छोटू उरांव (19) और साहिल उरांव (18) के रूप में हुई है.
दो घायलों की हालत गंभीर
हादसे में अमित तिग्गा और राजेश तिग्गा को गंभीर चोटें आयी हैं. दोनों को तत्काल मांडर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया. वहीं, हादसे में घायल विनय उरांव, सुमित तिग्गा, दुर्गा तिग्गा, छोटू उरांव और साहिल उरांव को इलाज के लिए कॉन्स्टेंट लिवेंस अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सभी घायलों का इलाज जारी है.
अचानक हुई टक्कर से मची अफरा-तफरी
बताया गया कि शनिवार शाम मांडर-टांगरबसली रोड पर बुढ़ाखुखरा के पास स्कूटी और बाइक की टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों पर सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गये. घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गये और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर भी लोगों की भीड़ जुट गयी. दुर्घटना में घायल सभी युवकों की उम्र 18 से 24 वर्ष के बीच बतायी गयी है. हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
