रांची : रिसर्च और डेवलपमेंट में नियमित करियर बनाने के इच्छुक पीएचडी अभ्यर्थियों को एआइसीटीइ पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप दी जायेगी. इसके तहत चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह लगभग 65 हजार रुपये की राशि कम से कम एक वर्ष और अधिकतम दो वर्ष तक मिलेगी. एआइसीटीइ से मान्यता प्राप्त संस्थानों और विश्वविद्यालयों में फुल-टाइम/रेगुलर मोड में पोस्ट-डॉक्टोरल रिसर्च करने के इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं.
यह फेलोशिप मुख्य रूप से इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, डिजाइन, होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी, एप्लाइड साइंस (फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथमैटिक्स), प्लानिंग, कंप्यूटर एप्लीकेशन, एप्लाइड आर्ट्स, क्राफ्ट एंड डिजाइन तथा इंटर-डिसिप्लिनरी क्षेत्रों में पीएचडी पूरी कर चुके रिसर्च स्कॉलर्स के लिए है.
20 अक्तूबर तक करना होगा आवेदन
एआइसीटीइ पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए पात्र संस्थानों और अभ्यर्थियों को एआइसीटीइ एडीएफ पोर्टल पर कैंडिडेट यूनिक आइडी बनानी होगी. इसके बाद 20 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा. आवेदनों का मूल्यांकन एक से 30 नवंबर 2026 तक होगा. चयनित अभ्यर्थियों की घोषणा 15 दिसंबर 2026 तक की जायेगी. फेलोशिप अवार्ड एक जनवरी 2027 से शुरू होगा.
देशभर से कुल 200 अभ्यर्थियों का चयन किया जायेगा. फेलोशिप की राशि डीबीटी के माध्यम से दी जायेगी.
पांच स्कॉलरशिप के लिए 31 अक्तूबर तक आवेदन
इस बीच एआइसीटीइ की प्रगति स्कॉलरशिप (डिग्री व डिप्लोमा), सक्षम स्कॉलरशिप (डिग्री व डिप्लोमा) और स्वनाथ स्कॉलरशिप (डिग्री व डिप्लोमा) के लिए 31 अक्तूबर तक आवेदन किया जा सकता है. आवेदन के सत्यापन के लिए आइएनओ स्तर पर 15 नवंबर और एसएनओ स्तर पर 30 नवंबर तक की तिथि निर्धारित की गयी है. आवेदन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से जमा करना होगा.
