रातू ब्लॉक रोड बना जानलेवा, निर्माण में देरी से लोगों में आक्रोश
रातू ब्लॉक रोड से संगम होटल के समीप एनएच-75 को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का शबब बन गयी है.
प्रतिनिधि, रातू.
रातू ब्लॉक रोड से संगम होटल के समीप एनएच-75 को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का शबब बन गयी है. सड़क में बड़े-बड़े गड्ढों व उसमें जल जमाव के कारण मार्ग जानलेवा बन रहा है. सड़क पर जल जमाव से गड्ढे नहीं दिखते हैं और राहगीर गिर कर चोटिल हो रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि शायद ही कोई ऐसा दिन हो, जब इस सड़क पर कोई हादसा न होता हो. लंबे समय से लोगों की मांग और प्रयास के बाद सड़क के नवीनीकरण की स्वीकृति मिली थी. करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने शिलान्यास भी किया था. विभागीय जानकारी के अनुसार ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बनने वाली सड़क का टेंडर भी हो चुका है, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी रानी बगीचा क्षेत्र में लोगों को आश्वस्त किया था कि सड़क निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराया जायेगा. हालांकि संवेदक ने 15 अप्रैल को सिर्फ एक दिन काम लगाया और उसके बाद बंद कर दिया. क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे.