रांची. भाजपा प्रदेश कार्यालय में अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती का कार्यभार ग्रहण सह अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया. प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा व अमर कुमार बाउरी और निवर्तमान अध्यक्ष किशुन दास की मौजूदगी में रंजय भारती ने पदभार संभाला.
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा कि पद केवल प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि दायित्व है. नये और पुराने कार्यकर्ताओं में तालमेल बनाकर वर्ष 2029 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है.
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने एससी मोर्चा को परिवार बताते हुए समाज के हर सुख-दुख में खड़े रहने का आह्वान किया. निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास ने नये अध्यक्ष को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.
रंजय भारती ने नेतृत्व का जताया आभार
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती ने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि मोर्चा को सशक्त बनाने के लिए वह पूरी ऊर्जा के साथ काम करेंगे. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थ के विकास, स्टैंड-अप इंडिया योजना और आरक्षण की सुरक्षा का उल्लेख किया.
उन्होंने कहा कि झारखंड का एससी समाज आगामी 2029 के चुनाव में पूरी तरह भाजपा के साथ खड़ा रहेगा.
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन प्रभात भुइयां ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विशाल बाल्मीकि ने किया. मौके पर ब्रज मोहन राम, नीरज पासवान समेत एससी मोर्चा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे.
