महज दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने बुधवार को राजधानी की जलनिकासी व्यवस्था की पूरी पोल खोल दी. शहर की सड़कें तालाब बन गयीं और नालियां उफनकर सड़कों पर बहने लगीं. सड़कों पर दो फीट तक पानी जमा होने से कई जगह ट्रैफिक जाम लग गया. लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सबसे खराब स्थिति सरकारी बस स्टैंड की रही, जहां बसों के पहिये आधे पानी में डूब गये. स्टेशन रोड पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गया, जबकि कांटाटोली फ्लाईओवर के नीचे लंबा जाम लग गया.
वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें
करमटोली चौक और करमटोली तालाब के आसपास भी पानी भरने से वाहन रेंगते नजर आये. जयपाल सिंह स्टेडियम के सामने करीब दो फीट पानी जमा हो गया. लाइन टैंक रोड स्थित होटल लीलैक के पास सड़क झील जैसी दिखी. सेवा सदन पथ में एक बार फिर नाली का काला पानी दुकानों में घुस गया. हलधर प्रेस गली में घरों तक पानी पहुंच गया, जबकि मेन रोड पर नालियां ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहती रहीं. जलजमाव के कारण कई दोपहिया वाहनों के साइलेंसर और इंजन में पानी घुस गया. कई जगह वाहन बीच सड़क पर बंद हो गये और चालक बारिश के बीच उन्हें धक्का लगाते नजर आये. दुकानदार भी घंटों तक दुकानों में घुसे पानी को बाहर निकालने में जुटे रहे.
देखिए कहां-कहां आफत बनी बारिश
- सरकारी बस स्टैंड में बसों के पहिये आधे डूबे, स्टेशन रोड तालाब में तब्दील
- करमटोली चौक व करमटोली तालाब के पास जलजमाव से जाम
- जयपाल सिंह स्टेडियम के समीप सड़क पर जमा रहा दो फीट पानी
- हलधर प्रेस गली जलमग्न, घरों में घुसा पानी
- मेन रोड में नाली का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहा
- कांटाटोली फ्लाईओवर के नीचे भारी जलजमाव, लगा जाम
- सेवा सदन पथ फिर जलमग्न, दुकानों में घुसा नाली का काला पानी
- लाइन टैंक रोड में होटल लीलैक के समीप भारी जलजमाव
ये भी पढ़ें- JPSC-JSSC विवाद पर वार्ता के लिए सरकार ने नहीं बनाई कोई कमेटी, वित्त मंत्री राधाकृष्ण का बड़ा बयान
ये भी पढ़ें- आंदोलनकारी छात्रों से मिले बाबूलाल मरांडी, बोले- JPSC-JSSC गड़बड़ी की हो सीबीआई जांच
