रांची. राजधानी रांची के बड़े हिस्से में 9 सितंबर की सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक जलापूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी. इससे लगभग चार लाख की आबादी प्रभावित होगी. पेयजल एवं स्वच्छता स्वर्णरेखा शीर्ष कार्य प्रमंडल द्वारा रूक्का जलशोध संस्थान के पास राइजिंग पाइपलाइन में मरम्मत के लिए यह शटडाउन लिया गया है. इस मरम्मत के चलते शहर के आधे से अधिक इलाकों में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है.
पाइपलाइन मरम्मत के लिए लिया गया 8 घंटे का शटडाउन
विभाग के अनुसार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक यानी कुल आठ घंटे तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी. पाइपलाइन के रखरखाव और तकनीकी सुधार के लिहाज से यह कार्य आवश्यक है, ताकि भविष्य में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू और सुदृढ़ बनी रहे.
इन इलाकों में रहेगी पानी की किल्लत
शटडाउन के कारण हिंदपीढ़ी, मेन रोड, ओसीसी, बरियातू हाउसिंग कॉलोनी, बरियातू रोड, रिम्स, बूटी, बीआइटी मेसरा, विकास, इरबा, कोकर, लालपुर, चुटिया, रांची रेलवे स्टेशन, नामकुम, रातू रोड एमइएस और दीपाटोली समेत अन्य इलाके प्रभावित रहेंगे.
विभाग ने लोगों से पहले पानी जमा करने की अपील की
प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जलापूर्ति बाधित होने के निर्धारित समय से पहले ही अपनी आवश्यकतानुसार पानी का संचय कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके.
विभाग ने इस अस्थायी असुविधा के लिए नागरिकों से खेद व्यक्त किया है.
21-22 अगस्त को भी लिया गया था शटडाउन
पेयजल एवं स्वच्छता शीर्षकार्य प्रमंडल की ओर से रूक्का जलशोध संस्थान के पास राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत को लेकर इससे पहले भी दो दिनों (21-22 अगस्त) के लिए शटडाउन लिया गया था.
इसकी वजह से शहर की लगभग आठ लाख आबादी को दो दिन तक पानी नहीं मिल पाया था.
ये भी पढ़ें: हजारीबाग में बिजली कटौती से बेहाल लोग, लो वोल्टेज और खराब ट्रांसफार्मर ने बढ़ायी मुश्किल
