Ranchi University : रांची विवि में अब पीएचडी के लिए विभागवार/विषयवार रिक्त सीटों की जानकारी विवि की वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा. वहीं, गाइड का चयन कर शोधार्थी को भेजने की जिम्मेवारी अब संबंधित विभागाध्यक्ष की होगी. उक्त निर्णय शनिवार को रांची विवि पीएचडी रेगुलेशन-2022 व एसओपी तैयार करनेवाली उच्चस्तरीय बैठक में लिये गये.
यूजीसी मानकों के अनुरूप बनेगी नई पीएचडी एसओपी
बैठक की अध्यक्षता सीपीआरएचइ-निपा, नयी दिल्ली के प्रो पीके मिश्र ने की. विवि मुख्यालय स्थित कुलपति सभागार में आयोजित इस बैठक में यूजीसी ड्राफ्ट के मानकों के अनुरूप पीएचडी एसओपी तैयार करने का निर्णय लिया गया. निर्णय लिया गया कि विवि पीएचडी प्रवेश परीक्षा में झारखंड पात्रता परीक्षा व राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा से उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए भी सीटें सुरक्षित रहेंगी.
नए पीएचडी परिनियम पर हुई विस्तृत चर्चा
यूजीसी मापदंड के अनुरूप ही शिक्षकों के निर्देशन में शोध रजिस्ट्रेशन का कोटा निर्धारित रहेगा. बैठक में विवि के रिसर्च निदेशक डॉ परवेज हसन द्वारा तैयार किये गये पीएचडी एसओपी नये परिनियम पर विस्तृत चर्चा हुई. निर्णय लिया गया कि इस परिनियम व एसओपी को राज्य के सभी विवि में मॉडल के रूप में पेश किया जायेगा.
राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों की मौजूदगी में हुई समीक्षा
डॉ हसन ने कहा कि रांची विवि की कुलपति प्रो सरोज शर्मा ने गुणवत्तायुक्त शोध पर विशेष ध्यान दिया है. उनके निर्देशन में ही नीति और एसओपी को अंतिम रूप दिया जा रहा है. बैठक में गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विवि से प्रो गुलशन धामीजा, केंद्रीय विवि राजस्थान से प्रो बीसी महापात्रा, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि से प्रो सीमा धवन सहित रांची विवि के डीएसडब्ल्यू डॉ सुदेश कुमार साहू, रजिस्ट्रार डॉ आरके शर्मा, डॉ नीरज कुमार, डॉ राज कुमार सिंह आदि उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- रूस की क्रीमिया फेडरल यूनिवर्सिटी से डॉ. अनन्य नमन केशरी बने एमबीबीएस, पिठोरिया में खुशी का माहौल
