रांची से प्रणव की रिपोर्ट
Ranchi News: रांची ट्रैफिक पुलिस ने जुलाई 2026 के दौरान मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़े पैमाने पर विशेष अभियान चलाया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक शहर के सभी ट्रैफिक थाना क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया गया. इस दौरान दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और टोटो समेत विभिन्न वाहनों की सघन जांच की गई. अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात नियमों का पालन कराने के साथ-साथ लापरवाह वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई करना था.
एक महीने में 1.20 लाख से ज्यादा चालान
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने कुल 1,20,197 चालान काटे. इसके अलावा गंभीर उल्लंघनों से जुड़े 1,015 मामलों में अभियोजन के लिए न्यायालय में कार्रवाई की गई. चालान के माध्यम से कुल 7 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि वसूली गई. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा.
बिना हेलमेट और नो पार्किंग सबसे बड़ी समस्या
आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर हुई. इस श्रेणी में 51,055 चालान काटे गए. इसके बाद नो पार्किंग या सड़क पर वाहन खड़ा करने के मामलों में 56,032 चालान जारी किए गए. यह दर्शाता है कि शहर में यातायात नियमों की अनदेखी और अवैध पार्किंग अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है.
रेड लाइट, ओवरस्पीड, नो एंट्री उल्लंघन पर भी सख्ती
ट्रैफिक पुलिस ने रेड लाइट जंप करने के 4,471, ओवरस्पीड के 2,367 और नो एंट्री के 1,547 मामलों में भी चालान काटे. इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना यूनिफॉर्म, ट्रिपल राइडिंग, अतिरिक्त सवारी, प्रेशर हॉर्न, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने, प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं रखने, मॉडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म और अन्य उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की गई. कई मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग को मिली नई महिला डीटीओ, कंचन कुमारी भुदोलिया ने संभाला पदभार
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
रांची ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर निकलते समय मोटरयान अधिनियम के सभी नियमों का पालन करें. हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा रेड लाइट और नो एंट्री जैसे नियमों का उल्लंघन न करें. पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों में सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. आने वाले दिनों में भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: लातेहार पहुंचे झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के संरक्षक शेखर बोस, खिलाड़ियों को दिया सफलता का मंत्र
