रांची से प्रणव की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के हरमू रोड पर बुधवार सुबह सड़क हादसे का मामला सामने आया. स्कूली बच्चों को लेकर जा रहा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे के समय ऑटो में 10 से अधिक छात्र सवार थे, जो स्कूल जा रहे थे. सभी छात्र डीएवी पब्लिक स्कूल के बताए जा रहे हैं.
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
ऑटो पलटते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. हादसे के बाद बच्चों के स्कूल पहचान पत्र (आई-कार्ड) के आधार पर उनके अभिभावकों को सूचना दी गई.
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक घटनास्थल पर पहुंचे और अपने घायल बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए.प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ बच्चों के सिर में चोट लगी है, जबकि अन्य को भी हल्की चोटें आई हैं. सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ऑटो किस वजह से पलटा। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी है.
स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने क्षमता से अधिक बच्चों को ऑटो में बैठाने पर भी चिंता जताई, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग जल संसाधन विभाग को मिले दो नये प्रभारी अभियंता, बलराम मुर्मू और जयपाल मांझी ने संभाली जिम्मेदारी
यह भी पढ़ें: रांची में दूसरे दिन भी जारी रहा मनरेगा कर्मियों का महाधरना, 17 जून से आमरण अनशन की चेतावनी
