रांची में ‘रामनवमी’ का महा-जश्न: महावीर चौक पर सजेगा 500 किलो फूलों का शृंगार, निकलेगी 25 झांकियां

Ranchi Ramnavami 2026: रांची में महाअष्टमी के दिन महावीर चौक मिनी अयोध्या बनेगा. 25 आकर्षक झांकियां निकाली जायेंगी. 500 किलो फूलों का शृंगार और ओडिशा की जीवंत रामायण प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेगी. पढ़ें कैसी हैं तैयारियां.

Ranchi Ramnavami 2026, रांची : महावीर चौक में महाअष्टमी के दिन शहर के विभिन्न हिस्सों से झांकियां पहुंचेंगी. रामनवमी शृंगार समिति, रांची की देखरेख में तैयारियां की जा रही हैं. महावीर चौक और आसपास की सड़कों व भवनों को रोशनी से सजाया गया है. यहां स्थित गणेश मंदिर, महावीर मंदिर और शिवालय मंदिर में विशेष विद्युत साज-सज्जा की जा रही है. सभी मंदिरों को फूलों से सजाया जा रहा है. यहां के महावीर मंदिर का लगभग 500 किलो फूलों से शृंगार किया जायेगा.

25 झांकियों के शामिल होने की संभावना

समिति के संयोजक मुन्ना शर्मा ने बताया कि इस बार लगभग 25 झांकियों के शामिल होने की संभावना है, जो झांकी प्रतियोगिता में भाग लेंगी. रात्रि नौ से दो बजे रात तक झांकी प्रतियोगिता होगी. सभी झांकियों का सूक्ष्म निरीक्षण कर मूल्यांकन किया जायेगा और बेहतरीन झांकियों को पुरस्कृत किया जायेगा. समिति के 100 स्वयंसेवक व्यवस्था पर नजर रखेंगे. वहीं, प्रशासन से नशे की हालत में आने वाले लोगों की पहचान के लिए ब्रेथ एनालाइजर की मांग की गयी है. समिति के अध्यक्ष बबलू यादव, मंत्री अजय वर्मा, संयोजक शंकर सिन्हा, मुन्ना शर्मा व संरक्षक रिंकू वर्मा हैं.

Also Read: झारखंड: स्वास्थ्य मंत्री के जिले में ‘आयुष्मान’ घोटाला, कागजों पर 600 ऑपरेशन, मौके पर अस्पताल मिला बंद

राजा जनक महल का दृश्य दिखेगा

श्री महावीर शृंगार समिति, काठसराय रोड की ओर से वर्ष 1973 से झांकी निकाली जा रही है. इस बार झांकी में रामायण का दृश्य प्रस्तुत किया जायेगा, जिसमें राजा जनक महल का भव्य दृश्य दिखेगा. यह झांकी 55 फीट लंबी और 14 फीट चौड़ी होगी. इसके आगे परशुराम तपस्या में लीन नजर आयेंगे. इसमें ओडिशा के 25 कलाकारों की टीम प्रस्तुति देगी. वहीं, धनबाद की 35 सदस्यों की ताशा पार्टी भी शामिल होगी.

महावीर चौक पर रातभर झांकियों का जलवा

श्री महावीर मंडल शृंगार समिति, पंच मंदिर, हरमू में भी खास थीम पर झांकी तैयार की जा रही है, जो आकर्षण का केंद्र होगी. यहां की झांकी में राम दरबार का दृश्य प्रस्तुत किया जायेगा. इस बार विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की गयी है, जिसमें बजरंगबली और श्रीराम का स्वरूप नजर आयेगा. झांकी के साथ समिति के सभी सदस्य शामिल होंगे.

रामसेतु की थीम पर नजर आयेगी झांकी

महावीर मंडल, कांके की ओर से भी आकर्षक झांकी तैयार की जा रही है. इसमें 15 फीट ऊंचे बजरंगबली का स्वरूप दिखाया जायेगा. वहीं, रामसेतु की थीम पर झांकी प्रस्तुत की जायेगी. समिति के सभी सदस्य दक्षिण भारतीय वेशभूषा में नजर आयेंगे. इसमें 150 से अधिक लोग शामिल होंगे. 20 लोगों की टीम जीवंत झांकी प्रस्तुत करेगी. इसके साथ ही ताशा पार्टी भी होगी.

झांकियों में जीवंत होगी रामायण

बिहार युवक संघ, जलान रोड, अपर बाजार की ओर से भी खास झांकी निकाली जा रही है. इसमें रावण दरबार और लंका द्वार का दृश्य दिखाया जायेगा. युवाओं की टीम द्वारा जीवंत झांकी प्रस्तुत की जायेगी. इसकी विशेष तैयारी चल रही है. ओडिशा से ताशा पार्टी बुलाई जा रही है, जो आकर्षण का केंद्र होगी.

Also Read: जमशेदपुर: मानगो की मेयर सुधा गुप्ता को 10 और डिप्टी मेयर का 9 हजार रुपये वेतन, जानें पार्षदों को कितना मिलेगा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >