Ranchi Police, रांची: राजधानी रांची में सोमवार को पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक सह-पुलिस महानिरीक्षक (रांची प्रमंडल) की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अनुसंधान को लेकर एक बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस उच्चस्तरीय बैठक में रांची के एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी सहित जिले के तमाम डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे.
सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
बैठक में एडीजी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नए संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही, जिले में सक्रिय पीसीआर, टाइगर मोबाइल, शक्ति कमांडो और हाईवे पेट्रोलिंग की गश्ती व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व असरदार बनाने तथा त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया (Quick Response) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
Also Read: JMM की बड़ी तैयारी: SIR और जनगणना पर आज से जिलों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेगी पार्टी
ड्रग्स माफियाओं पर कसेगा शिकंजा
एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामलों की समीक्षा करते हुए एडीजी ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ प्रभावी छापामारी का आदेश दिया. विशेष रूप से स्कूल-कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सतत निगरानी रखने को कहा गया. युवाओं को नशे से बचाने के लिए जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में 10 जून 2026 से 25 जून 2026 तक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया.
पेंडिंग केसों का जल्द होगा निपटारा
बैठक में पेंडिंग केसों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी कड़े आदेश जारी किए गए. साथ ही SC/ST मामले में अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े कांडों में समयबद्ध कार्रवाई और पीड़ितों को विधिसम्मत सहायता देने पर बल दिया गया.
- लापता बच्चों (Missing Children) की बरामदगी के लिए मानक कार्यप्रणाली (SOP) के तहत समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए.
- रंगदारी, आपराधिक गिरोहों और भू-माफियाओं के आर्थिक व आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया.
- आने वाले पर्व-त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए.
बेहतर काम करने वाले पुलिस अधिकारी हुए सम्मानित
समीक्षा बैठक के अंत में अपराध नियंत्रण, बेहतर अनुसंधान और संगठित अपराधियों के खिलाफ शानदार कार्रवाई के लिए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और नगर पुलिस अधीक्षक यानी सिटी एसपी को एडीजी महोदय द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. इसके साथ ही, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के उन पुलिस अनुसंधानकर्ताओं (Investigating Officers) को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने महत्वपूर्ण केसों का सफल खुलासा करते हुए समय पर चार्जशीट दाखिल की. अंतिम में एडीजी ने सभी अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और पेशेवर दृष्टिकोण अपनाकर काम करने की हिदायत दी.
Also Read: रांची में 14 जून को स्वर्णकार समाज का भव्य सम्मान समारोह, कारीगरों को सशक्त बनाने पर जोर
