बेड़ो से अरबिंद मिश्र की रिपोर्ट
Ranchi News: आस्था, परंपरा और इतिहास की संगम स्थली झारखंड के रांची जिला के बेड़ो प्रखंड में ऐतिहासिक ग्राम खुखरागढ़ में आज चैत्र प्रतिपदा के शुभ अवसर पर भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित हो उठी. प्रत्येक वर्ष की गौरवशाली परंपरा को जीवंत रखते हुए, इस वर्ष भी ग्राम देवी (देवी मंडप) के सानिध्य में समस्त ग्रामवासियों के कल्याण हेतु श्रीमद्देवीभागवत महापुराण का विधिवत पाठ संकल्प के साथ शुरू किया है.
नौ दिवसीय महायज्ञ
आज विधि-विधान से कलश स्थापना और पूजन के साथ अनुष्ठान का श्रीगणेश हुआ. इस नौ दिवसीय महायज्ञ के मुख्य वाचक विद्वान पंडित विष्णु वल्लभ नाथ मिश्रा हैं. देवी महात्म्य की कथा पूरे नौ दिनों तक मां भगवती के चरणों में समर्पित रहेगी.
अनुष्ठान की मुख्य बातें
- स्थान: देवी मंडप, ग्राम खुखरागढ़ (बेड़ो)
- अवधि: चैत्र प्रतिपदा से महानवमी (रामनवमी) तक
- उद्देश्य: ग्राम कल्याण, सुख-शांति और जन-मानस में भक्ति का संचार
- समापन: रामनवमी के दिन अखंड हरिकीर्तन और भव्य पूर्णाहुति के साथ अनुष्ठान का समापन होगा.
इसे भी पढ़ें: हिंदू नव वर्ष पर पतरातू के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में भव्य कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं ने निकाला मार्चपास्ट
ग्रामीणों में हर्ष का माहौल
खुखरागढ़, जो अपने ऐतिहासिक महत्व के लिए जाना जाता है. आज पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया. ग्रामीणों का मानना है कि इस पाठ से न केवल गांव की विपत्तियों का नाश होता है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने का अवसर भी मिलता है.
इसे भी पढ़ें: पलामू में धूमधाम से शुरू हुई चैती नवरात्र, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
