प्रवीण मुंडा
Ranchi: करमटोली स्थित केंद्रीय धुमकुड़िया के नये भवन का शिलान्यास सोमवार को कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने किया. शिलान्यास के अवसर पर मेयर रोशनी खलखो, विधायक सीपी सिंह, डिप्टी मेयर नीरज कुमार सहित अन्य उपस्थित थे. मौके पर मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि आदिवासी समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता जरूरी है. तभी हम आगे बढ़ पायेंगे. जागरूकता से ही आदिवासी जमीन की लूट भी खत्म होगी.
तीन मंजिला होगा नया धुमकुड़िया भवन
कल्याण मंत्री ने कहा कि धुमकुड़िया का नया भवन तीन मंजिला होगा. इसकी लागत पांच करोड़ होगी. उन्होंने कहा कि ग्राउंड फ्लोर पर आदिवासी समुदाय के गीत संगीत और वाद्य यंत्रों को गाने-बजाने का प्रशिक्षण दिया जायेगा. यह फ्लोर कला को समर्पित होगा. दूसरे फ्लोर पर आदिवासी छात्रों के लिए कोचिंग होगी. यहां पर अच्छे शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी. छात्र प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करेंगे. तीसरे तल्ले में लाइब्रेरी होगी. इसके अतिरिक्त 10000 स्क्वायर फीट की जगह होगी जहां पर बड़ी सभा, शादी विवाह आदि का आयोजन किया जा सकेगा.
वकीलों का पैनल बनेगा
कल्याण मंत्री ने कहा कि विभाग वकीलों का एक पैनल बनायेगा. यहां से अत्याचार, जमीन लूट जैसे मामलों को देखा जायेगा. लोग अपनी शिकायतें लेकर आयेंगे और ये अधिवक्ता उनका केस देखेंगे. इस मामले में मुख्यमंत्री से सहमति ली गयी है. मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि धुमकुड़िया के माध्यम से समाज आगे बढ़े यह कामना है. विधायक सीपी सिंह ने कहा कि कल्याण विभाग के माध्यम से आदिवासियों के कल्याण की योजना आगे बढ़ना चाहिए. जगलाल पाहन, केंद्रीय धुमकुड़िया के सचिव नंदा उरांव ने भी लोगों को संबोधित किया.
इस अवसर पर माधो उरांव, सूरज टोप्पो, बब्लू मुंडा, अभय भुंटकंवर सहित अन्य उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें…
