Ranchi News: राजधानी रांची के चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में शुक्रवार सुबह एक किराए के मकान से मां-बेटे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान 32 वर्षीय पिंकी देवी और उनके ढाई वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है. वहीं पिंकी की 15 वर्षीय ननद चंदा कुमारी तथा चार वर्षीय बेटी प्राची कुमारी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं, जिन्हें इलाज के लिए पहले सेवा सदन फिर बाद में रिम्स में भर्ती कराया गया है.
कपड़ा दुकान में काम करती थी पिंकी देवी
जानकारी के अनुसार पिंकी देवी रांची में एक कपड़ा दुकान में काम करती थीं. उनके पति चंदन साहू का पहले ही निधन हो चुका है. परिवार चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में धन्नू यादव के मकान में किराए पर रहता था. सभी मूल रूप से बिहार के छपरा जिला स्थित महमदा गांव के निवासी थे. परिवार में सास मुन्नी देवी और ससुर पंचम साहू भी हैं. पंचम साहू टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मुन्नी देवी मजदूरी का काम करती हैं. परिवार करीब ढाई वर्षों से यहां किराए पर रह रहा था.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह के हरलाडीह से मिसिर बेसरा का सहयोगी 25 लाख ईनामी नक्सली अजय महतो गिरफ्तार, 100 से अधिक मामले दर्ज
पुलिस मौके पर पहुंची
स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर संदेह हुआ. इसके बाद लोगों ने एस्बेस्टस हटाकर घर के अंदर प्रवेश किया. अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. पिंकी देवी और उनके बेटे श्रवण कुमार मृत पड़े थे, जबकि चंदा कुमारी और प्राची कुमारी गंभीर रूप से घायल थीं. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. प्रथम दृष्टया घटना का कारण दम घुटना बताया जा रहा है. बीती रात एक छोटे से कमरे में चारो चौकी पर सोए हुए थे और उसी कमरे में खाना बनाने वाला कोयले का चूल्हा भी था. संभावना व्यक्त की जा रही है कि चूल्हे के धुएं से सभी का दम घुट गया होगा और घटना घटी. ऐसे घटना के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. पूरे इलाके में घटना को लेकर शोक और दहशत का माहौल है.
ये भी पढ़ें: धनबाद के पाथरडीह में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: जमीन विवाद में बुजुर्ग दंपति पर जानलेवा हमला, पत्नी की मौत, वारदात के लिए डायन-बिसाही को बनाया हथियार
