रांची से प्रणव की रिपोर्ट
Ranchi News: एक जून को झारखंड के रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के शालीमार बाजार इलाके से गायब 12 वर्षीय जुड़वां भाई करण-अर्जुन का अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है. बच्चों की तलाश में जुटी पुलिस को अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है. पुलिस दोनों भाइयों की जानकारी देने वाले व्यक्ति के 50 हजार रुपये का इनाम देगी. इससे पहले 11 हजार इनाम कि घोषणा पुलिस ने कि थी.
हटिया स्टेशन तक पहुंचकर अटक रही जांच
अभी तक पुलिस के जांच की सूई ले देकर हटिया रेलवे स्टेशन तक ही पहुंचकर बंद हो जा रही है. तीन जून को आखिरी बार हटिया स्टेशन पर दोनों भाइयों को देखा गया था. इसी का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास है. इससे आगे पुलिस ने रांची रेलवे स्टेशन और धुर्वा क्षेत्र सहित शहर के अलग-अलग इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन कुछ सुराग हाथ नहीं लगा.
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 की दोपहर लगभग 2 बजे दोनों बच्चे घर से बाहर निकले थे. तब से वे लापता हैं और अब तक उनके बारे में कुछ पता नहीं चल सका है. लापता बच्चों की मां डोली देवी ने धुर्वा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया. डोली देवी ने बताया कि बच्चों के घर से निकलने के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के सभी संभावित स्थानों पर उनकी काफी तलाश की. परिवार ने अपने स्तर पर हरसंभव प्रयास किया, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद दोनों बच्चों का कोई जानकारी नहीं मिल सकी.
ये भी पढ़ें: राशन नहीं उठानेवाले आठ लाख कार्डधारियों के कार्ड होंगे रद्द, झारखंड खाद्य आपूर्ति विभाग का निर्देश
ये भी पढ़ें: झारखंड राज्यसभा चुनाव: नाथवाणी ने बढ़ाई धड़कनें, क्रॉस वोटिंग रोकने को एकजुट होगा महागठबंधन
