उत्तम महतो
Ranchi: नगर निगम कांटाटोली बस स्टैंड में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए 50 बेड का आधुनिक आश्रयगृह बनायेगा. निगम ने इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली है. करीब एक साल की लंबी खोजबीन और प्रक्रिया के बाद उपयुक्त स्थल का चयन किया गया है. इस आश्रयगृह के निर्माण पर लगभग 1.22 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. निगम अधिकारियों के अनुसार भवन का निर्माण कार्य छह माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
ट्रांसजेंडरों को मुख्यधारा से जोड़ना है लक्ष्य
प्रस्तावित आश्रयगृह में रहने वाले ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को सुरक्षित आवास के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. इसके अलावा यहां रहने वालों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने की भी योजना है. निगम अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है. शहर में इस तरह का यह पहला समर्पित आश्रयगृह होगा.
50 बेड का महिला स्पेशल आश्रयगृह अलग से
कांटाटोली बस स्टैंड परिसर में ही निगम द्वारा महिलाओं के लिए 50 बेड के आश्रयगृह का भी निर्माण किया जायेगा. इसके निर्माण पर भी 1.22 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. ज्ञात हो कि बस स्टैंड परिसर में पूर्व से ही एक महिला आश्रयगृह का निर्माण किया गया है. इसकी क्षमता 50 बेड की है. अब एक नया आश्रयगृह बनने से यहां महिलाओं के लिए कुल 100 बेड हो जायेंगे. महिलाओं के इस आश्रयगृह की खास बात यह होगी कि यहां नाइट गार्ड से लेकर मेंटेनेंस करने वाले लोग सभी महिलाएं ही होंगी.
ये भी पढ़ें…
Giridih: दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से 12 लाख के गहनों की चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
बाबा बैद्यनाथ के दरबार पहुंचे बिहार के CM सम्राट चौधरी, बाबा से मांगी बिहार की उन्नति
