रांची. सदर थाना क्षेत्र के व्यस्त इलाके कोकर स्थित डायमंड सेल्स पेट्रोल पंप परिसर में मंगलवार की रात अचानक जोरदार विस्फोट हुआ. घटना रात 8.25 बजे की है. प्रारंभिक जांच के अनुसार, पैनल रूम में कुछ गड़बड़ी के कारण धमाका हुआ. धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज दूर तक के इलाके में सुनाई दी. धमाके के साथ आग की लपटें भी दिखीं. इससे पेट्रोल पंप में मौजूद लोग और आसपास के घरों व दुकानों में रहने वाले लोग सहम गये. धमाके के बाद कुछ देर के लिए मौके पर भारी भीड़ जमा हो गयी. जिस वक्त यह धमाका हुआ, उस समय पंपकर्मी वाहनों में तेल भर रहे थे. पास में ही तेल का टैंकर खड़ा था. इससे बड़ा हादसा हो सकता था.
शेड और आसपास की दुकानों को नुकसान
धमाके से पंप के शेड का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. पंप परिसर के पास स्थित वेयरहाउस का टिन भी उखड़ गया. परिसर स्थित बाथरूम के गेट का हिस्सा, गमला सहित बैक ऑफिस की बिल्डिंग के नीचे और आसपास की कई दुकानों को भी क्षति पहुंची है. गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति को चोट नहीं लगी. घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पेट्रोल पंप परिसर को चारों तरफ से घेरकर जांच शुरू की.
ये भी पढ़ें: JSSC CGL रद्द होने के बाद प्रोजेक्ट भवन का दरवाजा बंद, सड़क पर उतरे कर्मचारी
ये भी पढ़ें: बारिश के बीच पतरातू डैम से छोड़ा जा रहा पानी, नहाने और सेल्फी को लेकर प्रशासन का अलर्ट
बम निरोधक दस्ता पहुंचा, की जांच
घटना के कारणों का पता लगाने के लिए बम निरोधक दस्ते को भी सूचना दी गयी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस और बम निरोधक दस्ते के लोग यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर यह धमाका किस कारण से हुआ. क्या यह पेट्रोल पंप के किसी उपकरण में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट का नतीजा था या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है. पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.
ये भी पढ़ें: ओरमांझी सीलबंद शराब फैक्ट्री चोरी मामला: बिहार के पूर्व MLC और RJD नेता सुबोध राय पर FIR
