रांची. रांची रेल मंडल में सोमवार को हिंदी दिवस मनाया गया. इस अवसर पर डीआरएम करुणा निधि सिंह ने रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग, प्रचार और प्रसार की प्रतिज्ञा दिलायी. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यालय के कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया.
रेल मंत्री के हिंदी दिवस संदेश का किया वाचन
डीआरएम ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के हिंदी दिवस संदेश-2026 का वाचन किया. संदेश में हिंदी को संस्कृति, संवेदनाओं और विचारों की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बताया गया. साथ ही तकनीकी युग में हिंदी को ज्ञान, विज्ञान, प्रशासन और जनसंचार की प्रभावी भाषा के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया.
16 से 30 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा
डीआरएम ने बताया कि हिंदी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रांची रेल मंडल में 16 से 30 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया जायेगा. इसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. 30 सितंबर को कवि सम्मेलन का आयोजन होगा.
कार्यक्रम में एडीआरएम हेमराज मीना, सीएमएस डॉ राजू तिर्की, राजीव रंजन, लक्ष्मण कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे.
