Ranchi Chain Snatching: ओल्ड हजारीबाग रोड स्थित सीताराम सुजुकी के सामने विजयवर्गीय कॉलोनी के पास बुधवार सुबह अपराधी दिनदहाड़े सुशील मोहता (73) के गले से सोने की चेन झपट फरार हो गये. घटना सुबह करीब छह बजे उनके घर के पास मुख्य सड़क पर हुई. वारदात के बाद बाइक सवार दो अपराधी लालपुर की ओर फरार हो गये. दोनों ने हेलमेट पहन रखा था. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है.
बातचीत के बहाने बुजुर्ग को रोका
जानकारी के अनुसार अपराधियों ने पहले दूर से सुशील मोहता से एक व्यक्ति का नाम पूछा. उन्होंने बताया कि इस नाम का कोई व्यक्ति वहां नहीं रहता है. इसके बाद अपराधी कॉलोनी की ओर जाने लगे. बुजुर्ग ने उन्हें बताया कि अंदर का रास्ता बंद है. इस पर बाइक सवार अपराधी वापस मुख्य सड़क की ओर मुड़े. बाइक जैसे ही बुजुर्ग के पास पहुंची, पीछे बैठे अपराधी ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली. इसके बाद बाइक की रफ्तार बढ़ाकर दोनों लालपुर की ओर भाग निकले.
ये भी पढ़ें- जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति विवाद में हाईकोर्ट का फैसला: बोर्ड की योजना के अध्ययन के लिए बनाई समिति
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
सुशील मोहता ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे. पीड़ित का पेपर नैपकीन बनाने का यूनिट भी घटनास्थल के पास ही है. बताया गया कि उनका पोता इसी मुख्य सड़क से संत एंथोनी स्कूल की बस पकड़ता है. इसी वजह से घटना के समय वह सड़क पर मौजूद थे. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है. फुटेज में बाइक सवार संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
