रांची के मशहूर व्यवसायी लव भाटिया की मौत: सुसाइड की आशंका, FSL टीम जांच में जुटी

Ranchi Businessman Suicide: रांची के चर्चित व्यवसायी और कावेरी रेस्टोरेंट के संचालक अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दोपहर में गंभीर हालत में उन्हें ऑर्किड अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जहर खाकर सुसाइड की आशंका के बीच पुलिस और FSL की टीम मामले की जांच कर रही है. पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें.

Ranchi Businessman Suicide, रांची, (राजेश कुमार की रिपोर्ट): राजधानी रांची के व्यापार जगत से गुरुवार को एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है. सर्कुलर रोड स्थित मशहूर ‘कावेरी रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स’ (Kaveri Restaurant & Sweets) की देख-रेख करने वाले चर्चित युवा कारोबारी अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने जहर खाकर आत्महत्या (Suicide) की है. इस अचानक हुई दुखद घटना के बाद से पूरे रांची के व्यावसायिक समुदाय और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है.

अस्पताल में डॉक्टरों की 40 मिनट की कोशिशें रहीं नाकाम

पारिवारिक और पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आशीष भाटिया के पुत्र अभिमन्यु भाटिया को गुरुवार दोपहर लगभग तीन बजे बेहद गंभीर और अचेत अवस्था में लालपुर स्थित ऑर्किड अस्पताल लाया गया था. अस्पताल लाते ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए आपातकालीन चिकित्सा शुरू की. लगभग 40 मिनट तक डॉक्टरों द्वारा अथक प्रयास और आईसीयू में रिवाइव करने की कोशिश की गई, लेकिन उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई. आखिरकार डॉक्टरों ने लव भाटिया को मृत घोषित कर दिया. जैसे ही अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों और करीबियों को अभिमन्यु की मौत की आधिकारिक सूचना मिली, वहां चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर कोई इस बात से स्तब्ध और हैरान है कि हमेशा हंसते-मुस्कुराते रहने वाले और इतने बड़े मुकाम पर काबिज लव भाटिया ने आखिर ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया.

Also Read: झारखंड में सरेंडर पॉलिसी क्या है, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली को कितना मिलेगा पैसा?

कावेरी रेस्टोरेंट पहुंचीं पुलिस और FSL की टीम

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए लालपुर थाना पुलिस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम तुरंत एक्टिव हुई. पुलिस और एफएसएल के विशेषज्ञों ने सर्कुलर रोड स्थित कावेरी रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स के उस परिसर का रुख किया, जहां अभिमन्यु बैठते थे. जांच टीम ने वहां से साक्ष्य (Evidences) जुटाए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, उनके मोबाइल फोन की आखिरी कॉल डिटेल्स और घटना स्थल के आस-पास की हर गतिविधि की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि मौत की असली वजह क्या थी. अगर यह आत्महत्या है, तो इसके पीछे की मुख्य वजह पारिवारिक थी, मानसिक तनाव था या कोई व्यावसायिक दबाव.

साल 2009 में हुआ था हाई-प्रोफाइल अपहरण

अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया का नाम रांची के इतिहास में उस समय राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया था, जब साल 2009 में अपराधियों ने उनका एक हाई-प्रोफाइल अपहरण (Kidnapping) कर लिया था. उस दौरान वे मेन रोड स्थित अपनी दुकान ‘पंजाब स्वीट्स’ को रात में बंद कर अपने घर लौट रहे थे, तभी बीच रास्ते से हथियारों के बल पर अपराधियों ने उन्हें अगवा कर लिया था. उनके पिता आशीष भाटिया ने इस बाबत लोअर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद रांची के तत्कालीन एसएसपी (Late) प्रवीण सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित और साहसिक कार्रवाई की थी. पुलिस ने एक मुठभेड़ (Encounter) के बाद अपराधियों के चंगुल से लव भाटिया को सकुशल बरामद कर लिया था. उस खौफनाक दौर से उबर कर बिजनेस को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले लव भाटिया का इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना हर किसी को गहरे गम में डुबो गया है.

Also Read: आयकर विभाग बड़ा में फेरबदल: रांची, धनबाद और हजारीबाग में बदले कमिश्नर, निशा उरांव को रायपुर की कमान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >