रांची से आनंद मोहन की रिपोर्ट
Rajya Sabha Election: झारखंड में राज्यसभा चुनाव के नतीजों से पहले वित्त मंत्री और कांग्रेस विधायक राधाकृष्ण किशोर ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा है कि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को 28.97 वोट प्राप्त होंगे और उनकी जीत सुनिश्चित है. उनके इस बयान ने चुनावी माहौल को और दिलचस्प बना दिया है, क्योंकि सभी दल अपने-अपने दावे कर रहे हैं.
इंडिया गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन
81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में इंडिया गठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं. इनमें झामुमो के 34 विधायक, कांग्रेस के 16 विधायक, राजद के 4 विधायक और माले के 2 विधायक शामिल हैं. इसी संख्या बल के आधार पर गठबंधन ने दो उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं. झामुमो की ओर से बैजनाथ राम उम्मीदवार हैं, जबकि कांग्रेस ने प्रणव झा को चुनावी मैदान में उतारा है. गठबंधन लगातार दोनों प्रत्याशियों की जीत का दावा कर रहा है.
एनडीए के पास 24 वोट, नथवानी पर दांव
दूसरी ओर एनडीए के पास कुल 24 विधायक हैं. भाजपा के 21 विधायक हैं, जबकि आजसू, जदयू और लोजपा के एक-एक विधायक हैं. इसी संख्या बल के आधार पर एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी चुनाव लड़ रहे हैं. हालांकि मौजूदा गणित के अनुसार नथवानी की राह आसान नहीं मानी जा रही है, लेकिन एनडीए के नेता लगातार उनकी जीत का भरोसा जता रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: चार घंटे तक अटकी रहेगी सबकी जान, विधानसभा में खेला होगा या बिदक जाएगा घोड़ा?
दूसरी प्राथमिकता के वोटों पर टिकी नजर
राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए 28 वोट का आंकड़ा जरूरी माना जा रहा है. ऐसे में राधाकृष्ण किशोर का 28.97 वोट का दावा यह संकेत देता है कि कांग्रेस दूसरी प्राथमिकता के वोटों के सहारे भी अपने उम्मीदवार की जीत को लेकर आश्वस्त है. अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हुई हैं. कुछ ही घंटों में यह साफ हो जाएगा कि राजनीतिक दलों के दावे सही साबित होते हैं या चुनावी गणित कोई नया मोड़ लेकर आता है. आखिर लोकतंत्र में अंतिम फैसला बयान नहीं, मतपेटी से निकलने वाले आंकड़े ही करते हैं.
इसे भी पढ़ें: इरफान अंसारी का बड़ा दावा, बोले- राज्यसभा चुनाव में 60 वोट तक पहुंचेगा महागठबंधन
