कौशल विकास मिशन में 55 करोड़ के भुगतान पर सवाल, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की जांच की मांग

प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी में कथित वित्तीय अनियमितता पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने फर्जी बैंक गारंटी के आरोप में ब्लैकलिस्टेड कंपनी को 55 करोड़ रुपये के भुगतान की न्यायिक जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.

  • मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर फर्जी बैंक गारंटी और ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को भुगतान का मुद्दा उठाया
  • दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और सरकारी राशि की वसूली की मांग

आनंद मोहन

प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी (जेएसडीएमएस) में कथित वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार के मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर फर्जी बैंक गारंटी देने वाली कंपनियों को ब्लैकलिस्ट से हटाकर करोड़ों रुपये का भुगतान किये जाने पर गंभीर सवाल उठाये हैं. मरांडी ने आरोप लगाया कि फर्जी बैंक गारंटी के आरोप में ब्लैकलिस्ट की गयी कंपनी को पहले ब्लैकलिस्ट से बाहर निकाला गया, फिर उसे करीब 55 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया और भुगतान के बाद दोबारा ब्लैकलिस्ट कर दिया गया. उन्होंने इसे सुनियोजित वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार का गंभीर मामला बताया.

अधिकारियों की भूमिका पर उठाये सवाल

मरांडी ने पूछा कि जब संबंधित कंपनियां फर्जी बैंक गारंटी देने की दोषी थीं, तो उन्हें ब्लैकलिस्ट से हटाने का आदेश किसने दिया और किस नियम के तहत यह फैसला लिया गया. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि करीब 55 करोड़ रुपये के भुगतान को किस अधिकारी और किस स्तर पर मंजूरी दी गयी.

उन्होंने कहा कि यदि फर्जी बैंक गारंटी के मामले में एक विभाग के सचिव के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है, तो इस प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गयी.

राशि की वसूली और समयबद्ध जांच की मांग

प्रतिपक्ष के नेता ने कहा कि यह मामला केवल प्रशासनिक लापरवाही का नहीं, बल्कि सरकारी धन और पद के दुरुपयोग का है. उन्होंने पूरे मामले की समयबद्ध न्यायिक जांच कराने, ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को किये गये भुगतान की वैधानिकता की जांच कराने और दोषी पाये जाने पर संबंधित लोगों से सरकारी राशि की वसूली सुनिश्चित करने की मांग की. मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस पूरे मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amleshnandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >