सरकार के साथ छात्रों की वार्ता चंद घंटो में, नतीजे पर सबकी निगाहें

सरकार और आंदोलनरत छात्रों के बीच आज दोपहर दो बजे अहम वार्ता होगी. 24 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्र जेपीएसएससी पेपर लीक की सीबीआइ जांच और सीजीएल परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े हैं. वार्ता विफल रहने पर 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया गया है.

आनंद मोहन की रिपोर्ट

रांची: आंदोलनरत छात्रों और सरकार के बीच आज दोपहर दो बजे स्टेट गेस्ट हाउस में वार्ता होगी. करीब 24 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच होने वाली इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है. चार छात्र आमरण अनशन पर हैं. ऐसे में वार्ता के नतीजे पर छात्रों के साथ-साथ प्रशासन की भी नजर है. सरकार की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा और संजय सिंह यादव वार्ता में शामिल होंगे. वहीं छात्रों की ओर से 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बातचीत में हिस्सा लेगा. प्रतिनिधिमंडल में एक कानूनी जानकार को भी शामिल किया गया है.

ये भी पढ़ें- कोकर में जमीन के नाम पर लाखों की ठगी, व्यवसायी को जान से मारने की मिली धमकी

सरकार और छात्रों के बीच इससे पहले दो दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है. विवाद मुख्य रूप से दो मांगों को लेकर है. छात्र जेपीएसएससी पेपर लीक मामले की जांच सीबीआइ से कराने और सीजीएल परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं. सरकार का कहना है कि जेपीएससी पेपर लीक मामले की जांच सीआईडी कर रही है. जांच के दौरान अब तक 20 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. वहीं सीजीएल परीक्षा रद्द करने को लेकर सरकार की ओर से कानूनी अड़चन का हवाला दिया जा रहा है. ऐसे में आज की वार्ता में इन्हीं दोनों मुद्दों पर सहमति बनाने की कोशिश होगी.

वार्ता विफल हुई तो बढ़ेगी चुनौती

इधर, छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेरने का एलान किया है. छात्र संगठनों ने राज्यभर के छात्रों से रांची पहुंचने की अपील की है. पिछले दिनों विधानसभा मार्च के दौरान भी बड़ी संख्या में छात्र जुटे थे. अगर आज की वार्ता बेनतीजा रहती है, तो 20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है. इसे देखते हुए मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. अब सभी की नजर आज होने वाली वार्ता और उसके नतीजे पर है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश नाथ

26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >