रांची : विधानसभा घेराव के बाद सोमवार देर शाम विद्यार्थी जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित अनशन स्थल पर पहुंचे. यहां पहुंचते ही उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. आक्रोशित विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्राओं पर लाठीचार्ज किया गया और पुरुष पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को घसीटकर पीटा. विद्यार्थियों ने कहा कि वे अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं ले रही है.
आंदोलनरत छात्रों ने किया ऐलान
विद्यार्थियों ने ऐलान किया कि जब तक राहुल गांधी झारखंड नहीं आयेंगे, आंदोलन जारी रहेगा. उन्हें झारखंड बुलाने के लिए एक्स पर अभियान चलाया जायेगा. भूखे-प्यासे पहुंचे, मिली खिचड़ी : इधर, जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित अनशन स्थल पर पहुंचे विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गयी. चैती दुर्गापूजा मंदिर के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के बीच खिचड़ी का वितरण किया.
जयराम महतो को भाषण देने से छात्रों ने रोका
मालूम हो कि आंदोलन पर बैठे विद्यार्थी सोमवार सुबह से ही विधानसभा कूच करने लगे थे. विद्यार्थी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा लेकर पुराने विधानसभा भवन की ओर मार्च करते हुए निकले. कई विद्यार्थी ऑटो और ई-रिक्शा से भी विधानसभा की ओर रवाना हुए. जेएलकेएम विधायक जयराम महतो भी छात्रों के धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए. हालांकि छात्रों ने उन्हें मंच से भाषण देने से रोक दिया.
ये भी पढ़ें: JPSC घोटाला: डॉ. दिलीप प्रसाद के बाद गिरफ्तार होने वाले जेपीएससी के दूसरे अध्यक्ष बने एल खियांग्ते
