टाटीसिलवे थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटीसिलवे खेलगांव सड़क स्थित गेल इंडिया फ्यूल टैंक के समीप गुरुवार को शाम छह बजे सीएनजी ट्रक की चपेट में आने से 50 वर्षीय निरंजन तिवारी (पांडेय) की मौत हो गयी. वह खेलगांव थाना क्षेत्र के सूर्यनगर में रहते थे. काफी दिनों से सूर्य मंदिर के पुजारी थे. हादसे की सूचना मिलते ही काफी संख्या में स्थानीय लोग जुटे और विरोध में शव के साथ सड़क जाम कर दी. जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जानकारी के अनुसार पुजारी सूर्य मंदिर में पूजा करा कर बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान गेल इंडिया सीएनजी फ्यूल पंप के समीप सीएनजी ट्रक जेएच 01एफजे8799 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया. दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी. सूचना पर टाटीसिलवे थाना प्रभारी हंसे उरांव व अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. परंतु ग्रामीणों ने 50 लाख रुपये नकद मुआवजा व मृतक के एक परिजन को गेल इंडिया में नियमित नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए थे. निरंजन पुजारी की मौत की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर है. वहीं उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.