राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिन की यात्रा पर झारखंड पहुंचे, एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री-मेयर ने किया स्वागत

Central University of Jharkhand के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए रांची पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

By Mithilesh Jha | February 28, 2020 2:53 PM

रांची : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को दो दिन की यात्रा पर झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे. सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए दोपहर में महामहिम रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरे. प्रदेश की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और रांची की मेयर आशा लकड़ा के अलावा झारखंड के आला अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का स्वागत किया.

राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी सविता कोविंद भी थीं. राष्ट्रपति व उनकी पत्नी दोपहर 1:35 बजे वायुसेना के विमान से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे. वहां से वे सीधे राजभवन गये. राजभवन में विश्राम करने के बाद राष्ट्रपति व उनकी पत्नी केंद्रीय विश्वविद्यालय, झारखंड के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होने शाम 4:10 बजे सड़क मार्ग से चेरी-मनातू स्थित विश्वविद्यालय के नये परिसर में जायेंगे.

दीक्षांत समरोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू भी जायेंगी. राष्ट्रपति शाम 4:40 बजे से शाम 5:30 बजे तक दीक्षांत समारोह में रहेंगे. यहां से वह राजभवन लौट जायेंगे. फिर शनिवार (29 फरवरी, 2020) को अशोक भगत की संस्था विकास भारती के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर से गुमला स्थित बिशुनपुर जायेंगे. शनिवार को ही राष्ट्रपति का देवघर जाने का भी कार्यक्रम है.

Next Article

Exit mobile version